क्राइम की खबर के साथ बालीबुड वाली खबर के साथ
बॉलीवुड एक्टर अली फजल ने बाइक को टक्कर मार भाग रही कार की फोटो किया ट्वीट
रायबरेली रोड पर सोमवार सुबह शूटिंग के लिए जा रहे बॉलीवुड एक्टर अली फजल ने दुर्घटना करके भाग रही कार का फोटो खींचकर ट्वीट कर दिया।
उन्होंने ट्वीट में यूपी पुलिस और यूपी 100 सेवा को टैग किया जिसके बाद पुलिस हरकत में आई गई। पुलिस कार के बारे में जानकारी जुटा रही है।
अली फजल इन दिनों शूटिंग के सिलसिले में लखनऊ आए हुए हैं। सुबह वह अपनी कार से रायबरेली रोड पर जा रहे थे तभी आगे चल रही नीले रंग की लखनऊ की एक कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद कार लेकर चालक मौके से भागने लगा। अली फजल ने अपनी कार में बैठे-बैठे मोबाइल फोन से फोटो खींचकर ट्वीट कर दिया। उन्होंने लिखा कि रायबरेली रोड पर सौ की रफ्तार से दौड़ रही कार ने बाइक को टक्कर मारी और भाग निकला।
कार में ड्राइवर और मालिक बैठा था। बाइक सवार युवक हवा में उड़ गया। भगवान जाने कैसे उसकी जान बची लेकिन बच गई। बाइक डिवाइडर के दूसरी तरफ चली गई।
ट्वीट में आखिर में उन्होंने लिखा कि बाइकर की कोई गलती नहीं थी। उनका यह ट्वीट सुबह 7.59 बजे आया। इसके करीब डेढ़ घंटे बाद 8.24 बजे यूपी पुलिस ने उनके ट्वीट पर लखनऊ पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।
लखनऊ पुलिस ने 9.36 बजे संबंधित थाना की पुलिस की तरफ से कार्रवाई किए जाने का जवाब भेजा। बॉलीवुड एक्टर के ट्वीट और उनकी सजगता की लोगों ने तारीफ की।