लखनऊ। बिजनौर इलाके के निजी अस्पताल में हर्निया के ऑपरेशन के बाद मरीज की मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने परिजनों को सूचना दिए बिना ही शव एंबुलेंस में रखवा दिया। जब घटना की जानकारी परिजनों को हुई तो वह हंगामा करने लगे। विवाद बढ़ने पर पुलिस भी पहुंच गई और उसने परिजनों को शांत कराया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम भी कराया है।
बिजनौर के गांधीनगर माती के रहने वाले मनोज नाथ (35) को हर्निया की दिक्कत थी। वह आयुष्मान कार्ड धारक भी थे। इलाज के लिए वह पहले बिजनौर के एक निजी अस्पताल गए थे, मगर वहां आयुष्मान कार्ड से इलाज की सुविधा न होने पर संचालक ने उन्हें शहीद पथ स्थित कोर्पुस मल्टीस्पेशयलिटी हॉस्पिटल भेज दिया। वहां जांच के बाद सर्जन डॉ. धनंजय ने सर्जरी की सलाह दी। दो अप्रैल को मनोज का ऑपरेशन हुआ।
शुक्रवार को अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। सांस फूलने लगी। इस पर अस्पताल प्रशासन ने उन्हें वेंटीलेटर पर रख दिया, मगर उनकी मौत हो गई। भतीजे परमेंद्र का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने मौत के बाद परिजनों को सूचना तक नहीं दी और वाहन बुलाकर शव उसमें रखवा दिया। परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो वे हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया।
इधर, सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने कहा कि परिजनों की शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी। जांच में लापरवाही मिलने पर अस्पताल संचालन पर रोक लगाई जाएगी।