फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अधिकारी-कर्मचारी आए आमने-सामने, चक्काजाम, मुसीबत झेली यात्रियों ने

विज्ञापन
विज्ञापन
अवध बस डिपो की एसी जनरथ बस में आग लगने के मामले की जांच रिपोर्ट में चालक को दोषी माना गया, जिसके बाद उसे निलंबित कर दिया गया। इससे नाराज कर्मचारियों ने डिपो में बसों का चक्काजाम कर दिया। इससे आधा दर्जन रूटों की 40 बसों को रद्द करना पड़ा। इन रूटों पर यात्रा करने वाले सैकड़ों यात्री परेशानी झेलते रहे। वहीं रोडवेज को भी करीब दस लाख रुपये राजस्व का नुकसान हुआ। शाम पांच बजे वार्ता के बाद बसों का संचालन शुरू हो सका।
विज्ञापन

गत गुरुवार को अवध बस डिपो की एसी जनरथ बस में आग लग गई थी। मामले ने तूल पकड़ा तो जांच कराई गई। इसमें अवध बस डिपो में तैनात नियमित बस चालक छंगाराम को दोषी पाया गया। उसे सेवा प्रबंधक ने तत्काल निलंबित कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही डिपो के चालक, परिचालकों समेत अन्य कर्मचारी विरोध में उतर आए। सुबह करीब साढ़े दस बजे जनरथ बसों का संचालन ठप हो गया। कई रूटों पर जनरथ बसों का संचालन शाम तक बंद रहा। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि बसों की फिटनेस समय से नहीं होती, जिसकी वजह से ऐसे हादसे होते हैं। लिहाजा सेवा प्रबंधक से कर्मचारियों ने चालक के बजाय एआरएम को निलंबित करने की मांग उठाई।
इन रूटों पर ठप रहा संचालन
डिपो से गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, दिल्ली, देहरादून, आगरा आदि रूटों की बसों के चक्के जाम कर दिए गए। इसके बाद यात्रियों को प्रशासन की ओर से इन बसों के कैंसिलेशन की जानकारी मेसेज के जरिए दी गई। साथ ही हफ्तेभर में रिफंड करने की बात भी कही गई। मगर, बसों के निरस्त होने की वजह से कैसरबाग और आलमबाग बस अड्डे पर तत्काल में टिकट लेकर जनरथ बसों से सफर करने वाले लोग परेशान होते रहे। पूछताछ काउंटरों पर यात्रियों की भीड़ जुटी रही।
विज्ञापन

दोबारा जांच के आश्वासन पर माने कर्मचारी
अवध बस डिपो में सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक 40 बसों के पहिए थमे रहे। इसकी वजह से सैकड़ों यात्रियों को असुविधाएं हुई तथा रोडवेज को दस लाख रुपये राजस्व का नुकसान हुआ। शाम पांच बजे के बाद अधिकारियों व कर्मचारियों के बीच बातचीत हुई और मामले की जांच मुख्यालय स्तर पर दोबारा कराने की बात पर संचालन शुरू हुआ।
रिपोर्ट में दावा- हैंडब्रेक लगाकर गायब था ड्राइवर
एसी जनरथ बस में आग लगने के मामले की जो रिपोर्ट जमा की गई, उसमें चालक को दोषी पाया गया है। सेवा प्रबंधक विक्रमजीत सिंह ने बताया कि जांच में ड्राइवर छंगाराम बस का इंजन चालू कर हैंड ब्रेक लगाकर गायब हो गया था, जिसकी वजह से सेल्फ गर्म हुआ और वायरिंग में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें