लखनऊ। पराग और एफसीएम गोल्ड दूध के दामों में औसतन दो रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया है। दूध के विभिन्न पैक पर एक रुपये से लेकर दस रुपये तक की बढ़ोत्तरी शुक्रवार शाम से प्रभावी हो गई। उधर, अन्य कंपनियों व फुटकर में घर घर दूध बेचने वाले दूधियों ने भी दाम बढ़ा दिए हैं।
पराग के विपणन प्रभारी ने बताया कि औसतन दो रुपये प्रति लीटर दाम बढ़ाए गए हैं। एफसीएम गोल्ड के छह लीटर पैक की कीमत 420 रुपये से बढ़कर 425 रुपये हो गई है। इसके एक लीटर पैक का दाम 69 रुपये से बढ़कर 71 रुपये और 500 एमएल पैक का दाम 35 रुपये से बढ़कर 36 रुपये हो गया है। पराग टोंड मिल्क के पांच लीटर पैक की कीमत 285 रुपये से बढ़कर 290 रुपये हो गई है। एक लीटर टोंड मिल्क अब 57 रुपये की जगह 59 रुपये में मिलेगा, जबकि 500 एमएल पैक 29 रुपये से बढ़कर 30 रुपये का हो गया है।
पराग स्टैंडर्ड के पांच लीटर पैक में सबसे अधिक दस रुपये की बढ़ोतरी हुई है, यह अब 290 रुपये की जगह 300 रुपये में मिलेगा। इसका 500 एमएल पैक 32 रुपये से बढ़कर 33 रुपये का हो गया है। टी-स्पेशल मिल्क का एक लीटर पैक भी 64 रुपये से बढ़कर 66 रुपये में मिलेगा।