लखनऊ। सरोजनीनगर में पान मसाला फर्म संचालक ने ट्रक चालक पर पांच लाख रुपये का माल हड़पने का आरोप लगाया है। आरोप है कि सामान उन तक नहीं पहुंचा। पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच कर रही है।
सरोजनीनगर में नरेंद्र सिंह की जयश्री ट्रेडर्स के नाम से फर्म है। वह पान मसाले का थोक व्यापार करते हैं। नरेंद्र के अनुसार, 12 अप्रैल की रात 12.30 बजे के करीब बंथरा निवासी कमलेश यादव पांच लाख का माल रायबरेली के लिए निकला था। फर्म से माल लादने के बाद कमलेश डलमऊ स्थित इजल इंटरप्राइजेज पर नहीं पहुंचा। इस बात का पता चलने पर नरेंद्र ने ड्राइवर को फोन मिलाया तो वह बंद था। कर्मचारियों को ड्राइवर के घर भेज कर भी पूछताछ की गई लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। नरेंद्र सिंह ने सरोजीनगर थाने में ड्राइवर कमलेश के खिलाफ पांच लाख रुपये का सामान गायब करने का केस दर्ज कराया है। उनके मुताबिक, अंदेशा है कि ड्राइवर ने माल किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दिया है। प्रभारी निरीक्षक सरोजनीनगर संतोष आर्य के अनुसार, केस दर्ज कर जांच की जा रही है।