डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के संस्थान इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी) की वेबसाइट 12 घंटे बाद पाक हैकरों के कब्जे से मुक्त करा ली गई है।
विडंबना यह है कि वेबसाइट को ऑपरेट करने का अधिकार ही आईईटी प्रशासन के पास नहीं है, इसे एक सर्विस प्रोवाइडर के माध्यम से चलाया जा रहा है।
शुक्रवार रात लगभग 10 बजे आईईटी के कंप्यूटर साइंस के एक छात्र ने जब वेबसाइट सर्च की तो देखा की वेबसाइट को पाक हैकरों ने हैक कर लिया। मेन पेज पर कश्मीर की आजादी और स्थानीय लोगों के उत्पीड़न, कश्मीर में सेना राज खत्म करने से संबंधित संदेश लिखे थे। साथ ही भारत का झंडा जलाते हुए फोटो भी लगाई थी।
लिखा था कि यह पाक की साइबर एक्सपर्ट टीम द्वारा हैक की गई है। अफसरों को इसकी जानकारी दी गई। वेबसाइट इंचार्ज रितेंद्र गोयल ने सर्विस प्रोवाइडर कंपनी से संपर्क किया लेकिन फोन नहीं उठा। सुबह जब सर्विस प्रोवाइडर कंपनी के लोग आए तो वेबसाइट रिस्टोर हुई। हालांकि अभी फीचर स्पष्ट नहीं हुए हैं।
ये कहना है आईईटी के निदेशक का
- फोटो : amar ujala
आईईटी के कार्यवाहक निदेशक प्रो. एचके पालीवाल ने कहा कि सुबह हमने वेबसाइट को रिस्टोर कर लिया है। इससे कोई डाटा नहीं प्रभावित हुआ है।
आम दिनों की तरह एकेटीयू के कुछ अधिकारी सुबह अपनी वेबसाइट चेक कर रहे थे और इसी बीच उन्होंने आईईटी की वेबसाइट देखी तो वह भौंचक रह गए। उन्होंने इसकी सूचना कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक को दी। इसके साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन अपनी वेबसाइट को लेकर भी सतर्क हुआ।
अब सिक्योरिटी सिस्टम को करेंगे मजबूत
आईईटी के कार्यवाहक निदेशक प्रो. पालीवाल ने कहा कि हम वेबसाइट के सिक्योरिटी सिस्टम को और मजबूत करेंगे। हमने सुबह आईटी के जानकारों के साथ बैठक कर सिक्योरिटी फीचर को रिव्यू किया है। आईईटी सर्विस प्रोवाइडर से वेबसाइट का कंट्रोल अपने हाथों में लेगा ताकि कभी जरूरत पड़ने पर इसमें सुधार किया जा सके।
तकनीकी के जानकार ही नहीं बचा पाए अपनी वेबसाइट
- फोटो : amar ujala
आईईटी इंजीनियरिंग की पढ़ाई कराने वाला महत्वपूर्ण संस्थान माना जाता है। तकनीकी की पढ़ाई कराने वाला संस्थान ही अपनी वेबसाइट को नहीं बचा सका।
रात में ही वेबसाइट हैक होने की जानकारी हो गई थी, इसके बाद भी संस्थान में ऐसा कोई एक्सपर्ट नहीं था जो इसे ठीक कर सके।
इसके लिए उन्हें सुबह तक सर्विस प्रोवाइडर का इंतजार करना पड़ा। खास यह कि बीटेक अंतिम वर्ष में साइबर सिक्योरिटी की पढ़ाई भी करवाई जाती है।