लखनऊ। कृष्णानगर के कनौसी में बृहस्पतिवार रात शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में पेंटर सुखपाल (28) की रॉड, ईंट और धारदार हथियार से वारकर हत्या कर दी गई। पुलिस का दावा है कि हत्या सुखपाल के पड़ोस में रहने वाले उन्नाव के बीघापुर क्षेत्र स्थित तकिया पाटन गांव निवासी राजेश रावत उर्फ काली ने की है।
सुखपाल के चचेरे भाई निर्मल की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश में पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सुखपाल के सिर में चोट और गले में धारदार हथियार से घाेंपे जाने के निशान मिले हैं।
डीसीपी दक्षिणी मो. मुश्ताक के मुताबिक, मूलरूप से हरदोई के टड़ियावां क्षेत्र के बौटहा गांव निवासी सुखपाल कई साल से कनौसी में एक प्लॉट पर बने कमरे में किराये पर रह रहे थे। बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे सुखपाल और राजेश ने कमरे में बैठकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात पर विवाद हो गया। इस पर राजेश ने कमरे में रखी लोहे की रॉड और ईंट से सुखपाल के सिर पर कई वार कर दिए। हमले में घायल सुखपाल कमरे से बाहर भागे लेकिन कुछ दूर जाकर गिर पड़े। वारदात के बाद राजेश माैके से भाग गया।
डीसीपी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह छह बजे स्थानीय लोगों ने उन्हें कमरे के बाहर घायल अवस्था में देखा और मकान मालिक को सूचना दी। मकान मालिक ने पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दी। पुलिस सुखपाल को लोकबंधु अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एडीसीपी दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार के मुताबिक, फोरेंसिक टीम को कमरे के अंदर और बाहर खून के निशान मिले। पुलिस ने घटनास्थल से रॉड और ईंट कब्जे में ली है।
चचेरे भाई का आरोप, मकान में होता था जुआ
सुखपाल के चचेरे भाई निर्मल ने आरोप लगाया कि जिस मकान में सुखपाल किराये पर रहते थे, वहां जुआ होता था। उनके मुताबिक, मकान मालिक जुआ खिलाता था और कमीशन लेता था। करीब तीन महीने पहले जुए को लेकर विवाद हुआ था और सुखपाल ने अपना मोबाइल फोन गिरवी रखा था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के समय राजेश के अलावा कुछ अन्य लोग भी शराब पार्टी में शामिल थे। सुखपाल के परिवार में मां जय देवी और तीन भाई हैं।
आरोपी की तलाश में उन्नाव गई टीम
एडीसीपी ने बताया कि सुखपाल के परिजनों को वारदात की जानकारी दे दी गई है। आरोपी की तलाश में चार टीमें बनाई गई हैं। एक टीम को उसके पैतृक गांव उन्नाव भेजा गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही विवाद की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
सुखपाल की फाइल फोटो।
सुखपाल की फाइल फोटो।
सुखपाल की फाइल फोटो।
सुखपाल की फाइल फोटो।