दो ट्रेनें निरस्त तो एक डायवर्ट, बाकी देर से आई
फोटो संख्या 33
संवाद न्यूज एजेंसी
रायबरेली। वाराणसी में यार्ड रिमॉडलिंग के लिए चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य की वजह से ट्रेनों का संचालन प्रभावित है। दो जोड़ी ट्रेनें निरस्त हैं तो एक जोड़ी ट्रेन को दूसरे मार्ग से चलाया जा रहा है। बाकी ज्यादातर ट्रेनें विलंब से आने के कारण यात्रियों को आवागमन में दिक्कत हो रही हैं। पहले ट्रेन का इंतजार करो, फिर रास्ते में लेटलतीफी से समय पर पहुंच पाना मुश्किल हो रहा है।
मालदा टाउन और नई दिल्ली के बीच दौड़ने वाली सुपरफास्ट ट्रेन तथा जम्मू तवी और पटना के बीच फर्राटा भरने वाली अर्चना एक्सप्रेस दोनों दिशाओं (अप-डाउन) से हफ्ते में दो-दो दिन चलती हैं। इन ट्रेनों का संचालन 15 अक्तूबर तक निरस्त है। पुरी और आनंद विहार टर्मिनल के बीच दौडऩे वाली नीलांचल एक्सप्रेस डायवर्ट कर दिए जाने से यह ट्रेन भी यहां नहीं आ रही है। बुधवार को दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस दो घंटे, सहारनपुर से प्रयागराज जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस सवा घंटे लेट आई।
बनारस से देहरादून जाने वाली जनता मेल, हावड़ा और अमृतसर के बीच दौडऩे वाली अप-डाउन पंजाब मेल पौन-पौन घंटे, देहरादून से बनारस जाने वाली जनता मेल, सिंगरौली से टनकपुर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस, लखनऊ से प्रयागराज जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस आधे-आधे घंटे विलंब से पहुंची। नई दिल्ली से बनारस जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस मंगलवार रात पौने दो घंटे देर से पहुंची।