माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। भोजपुरी फिल्माें के स्टार, अभिनेता और सांसद रवि किशन ने कहा कि ओटीटी प्लेटफॉर्म ने उन गुमनाम कलाकारों को नया जीवन दिया है जो प्रतिभा के धनी होने के बावजूद फिल्मों में काम न मिलने की वजह से किनारे हो गए थे। युवाओं को भी उनकी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए ओटीटी प्लेटफाॅर्म काफी अहम भूमिका निभा रहा है। वे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आ रही वेब सीरीज के प्रमोशन के लिए अभिनेता अनंत जोशी के साथ शनिवार को लखनऊ में थे।
गोमतीनगर के एक होटल में रवि किशन ने अमर उजाला के साथ खास बातचीत में कहा कि उत्तर प्रदेश में फिल्मों की शूटिंग के लिए माहौल बहुत ही सकारात्मक है। कला को सम्मान और कलाकारों को काम मिल रहा है। नए कलाकारों से मैं सिर्फ इतना ही कहना चाहूंगा कि वे पूरे मनोयोग से काम करें, संघर्ष से न घबराएं, एक दिन उनके भाग्य का सूर्योदय जरूर होगा।
धुरंधर फिल्म पर कहा कि जो लोग भी इसे प्रोपेगंडा बता रहे हैं, वे गलत हैं क्योंकि यह सच को आईना दिखाती फिल्म है। मेरा मानना है कि अगर इतिहास में कुछ भी गलत पढ़ाया जाता रहा है तो उसे सुधारना भी जरूरी है। फिल्म इंडस्ट्री को धुरंधर ने नई रोशनी दिखाई है। इतनी बड़ी संख्या में दर्शकों को सिनेमाहालों तक खींचने में यह फिल्म कामयाब रही है। ओटीटी पर आ रही वेब सीरीज के प्रमोशन के लिए लखनऊ पहुंचे रवि किशन ने कहा कि यह सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। अनंत जोशी ने कहा कि यह एक ऐसी वेब सीरीज है जो आप पूरे परिवार के साथ बैठकर देख सकते हैं।
रवि किशन ने कहा कि राजनीति में आने के पीछे मेरा कोई सपना नहीं है बल्कि मैं सिर्फ समाजसेवा के लिए यहां आया हूं। सीएम योगी और पीएम मोदी की वजह से जनता आपको एक बार जिता सकती है लेकिन दोबारा तो आपका काम ही आपकी जीत का आधार बनेगा। सांसद बनने के बाद जब पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिला तो उन्होंने मुझसे कहा कि तुमने संसद भवन की लाइब्रेरी देखी है। मैंने कहा, नहीं तो उन्होंने कहा कि पहले वहां जाओ और पढ़ाई करो। इसके बाद मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला, जिसकी वजह से मुझे बेस्ट सांसद का अवॉर्ड मिला।