लखनऊ। गृहकर और जलकर के बकाये पर ब्याज माफी के लिए लागू एकमुश्त समाधान (ओटीएस) योजना की अवधि शासन ने एक महीने के लिए बढ़ा दी है। इससे उन भवनस्वामियों को राहत मिलेगी जो निर्धारित समय में योजना के तहत आवेदन नहीं कर सके थे। अब 14 दिसंबर तक आवेदन किए जा सकेंगे जबकि गृहकर-जलकर जमा करने की अंतिम तारीख 15 जनवरी होगी।
शासन ने 15 अगस्त को ओटीएस योजना शुरू की थी। इसे 15 दिसंबर तक लागू किया गया था लेकिन योजना में शामिल होने के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 14 नवंबर निर्धारित थी। ऐसे में आवेदन नहीं कर पाने वाले भवनस्वामी योजना के लाभ से वंचित रह जाते। नवरात्र, दशहरा और दिवाली के अवकाश के चलते विभाग भी बंद रहे। इस कारण लोग योजना की अवधि बढ़ाने की मांग कर रहे थे। जोनल अधिकारी ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि शासन ने अब योजना के लिए एक महीने का अतिरिक्त समय दिया है।
तीन महीने में 30 हजार ने ही किया आवेदन
नगर निगम में ओटीएस योजना के दायरे में करीब 1.91 लाख भवनस्वामी हैं। इनमें से अब तक करीब 30 हजार ने ही आवेदन किया है। शेष करीब 1.61 लाख भवनस्वामियों पर 400 करोड़ रुपये से अधिक का गृहकर बकाया है। इसमें 100 करोड़ रुपये से अधिक की ब्याज राशि शामिल है। समयसीमा बढ़ने से अब अधिक भवनस्वामियों को योजना का लाभ लेने का मौका मिलेगा।
आवेदन प्रक्रिया सरल करने की मांग
कांग्रेस पार्षद दल की नेता ममता चौधरी का कहना है कि ओटीएस योजना में आवेदन की प्रक्रिया सरल होनी चाहिए। भवनस्वामियों को इंस्पेक्टर या जोनल अधिकारी के चक्कर लगाने के बजाय सीधे गृहकर जमा करने वाले काउंटर पर टैक्स जमा करने की सुविधा मिलनी चाहिए। मौजूदा व्यवस्था में पहले भवनस्वामी को आवेदन लिखकर जोनल अधिकारी के पास जाना होता है। वहां से आदेश होने के बाद आवेदन पोर्टल पर फीड किया जाता है। इसके बाद ओटीपी आने पर टैक्स जमा हो पाता है। जब ब्याज ही माफ होना है तो इतनी जटिल प्रक्रिया की जरूरत नहीं है। गृहकर का सिस्टम ऑनलाइन होने के बावजूद भवनस्वामियों को भागदौड़ करनी पड़ रही है।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय राय के अनुसार शासन की ओर से ओटीएस योजना को एक महीने के लिए बढ़ा दिया गया है। इसमें आवेदन की सुविधा ऑनलाइन भी है लोग ओटीएस पोर्टल upulbots.in पर भी आवेदन कर सकते हैं और उसी पर टैक्स जमा कर सकते हैं। कहीं भागदौड़ की जरूरत नहीं होगी।