सचिव बेसिक शिक्षा एचएल गुप्ता ने सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों में शिक्षकों व लिपिकों के रिक्त पदों पर भर्ती का शासनादेश मंगलवार को जारी कर दिया।
उन्होंने बेसिक शिक्षा निदेशक डीबी शर्मा से कहा है कि बेसिक शिक्षा अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिया जाए ताकि भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा सके। सहायता प्राप्त स्कूलों में प्रधानाध्यापक के 800, सहायक अध्यापक के 1444 तथा लिपिक के 528 पद खाली हैं।
राष्ट्रीय व राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों को पांच साल का सेवा विस्तार देने संबंधी आदेश प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा जितेंद्र कुमार ने जारी कर दिया है। राजकीय व सहायता प्राप्त इंटर कॉलेजों में कार्यरत ऐसे पुरस्कृत शिक्षक अधिकतम 65 साल तक सेवा में रहेंगे।
गौरतलब है कि माध्यमिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों को उत्कृष्ट कार्य पर राष्ट्रीय व राज्य अध्यापक पुरस्कार दिया जाता है।
ऐसे शिक्षकों को पहले दो साल का सेवा विस्तार दिया जाता था, जिसे पांच साल करने का फैसला गत 6 दिसंबर को हुई कैबिनेट बैठक में किया गया था। इसके आधार पर यह आदेश जारी किया गया है।