महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए लखनऊ जोन के सभी 11 जिलों में ‘ऑपरेशन विश्वास’ चलाया जाएगा। एक महीने के इस अभियान के तहत रेप और छेड़छाड़ के आरोपियों को चिह्नित कर जेल भेजा जाएगा।
साथ ही गुंडा एक्ट लगाकर उन्हें जिला बदर किया जाएगा। आईजी लखनऊ जोन ए. सतीश गणेश ने बताया कि इसका मकसद महिलाओं में सुरक्षा और सम्मान की भावना जगाना है।
शोहदों और दुराचारियों के खुलेआम घूमने से महिलाएं व युवतियां खुद को असुरक्षित महसूस करने लगती हैं। कानून-व्यवस्था के लिए भी ऐसे लोग खतरा है
अभियान के तहत रेप और छेड़छाड़ करने वाले अपराधियों को चिह्नित करके उनके खिलाफ व्यापक स्तर पर निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
ऐसे अपराधी जिनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल हो चुकी है और वे जमानत पर छूटे हैं, उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगाह रखी जाएगी। लंबित विवेचनाओं का 15 दिन के अंदर निपटारा किया जाएगा।