83 स्थानों पर चेकिंग, पकड़े 1746 संदिग्ध, 12 बदमाश गिरफ्तार
ऑपरेशन मिड-नाइट : बड़ी संख्या में लोग देर रात बेवजह गाड़ी लेकर निकले थे, 105 वाहनों का चालान, 17 सीज
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने शुक्रवार को ऑपरेशन मिट-नाइट के तहत 83 स्थानों पर नाकाबंदी करके सघन चेकिंग की। इस दौरान 1746 संदिग्ध पकड़े। इनमें दर्जन भर बदमाश थे। पुलिस टीम ने 105 वाहनों का चालान और 17 गाड़ियां सीज करके छह हजार रुपये समन शुल्क वसूला।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि रेलवे स्टेशन, बस अड्डा व शराब के ठेकों समेत पूरे जिले में 83 ऐसे स्थानों को चिह्नित किया गया, जहां देर रात भीड़ रहती है और चाय-पानी की दुकानें खुली रहती हैं। इनमें चारबाग रेलवे स्टेशन, कैसरबाग एवं आलमबाग बस स्टेशन प्रमुख थे। इसके अलावा निगोहां, इटौंजा एवं चिनहट पर हाईवे किनारे स्थित ढाबे चिह्नित किए गए थे। अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में टीम ने रात एक बजे सभी स्थानों पर आवागमन के मार्गों पर नाकाबंदी कर चेकिंग कराई गई। बड़ी संख्या में लोग देर रात बेवजह वाहन लेकर निकले थे। एक घंटा चले ऑपरेशन मिड-नाइट में पुलिस ने 1746 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पहचानपत्र की जांच की। इनमें दर्जन भर अपराधी निकले, जो आधी रात के बाद घर व दुकान खंगालने निकले थे।
चोरी के माल समेत हत्थे चढ़े
मोहनलालगंज के प्रभारी निरीक्षक गऊदीन शुक्ला की टीम ने ऑपरेशन मिड-नाइट में बलसिंह खेड़ा में घेराबंदी करके बंथरा थाने के गांव रतौली निवासी संतोष उर्फ हंडी, गांव खटोला के बबलू रावत व रंजीत पासी को पकड़ा। उनके कब्जे से तमंचा, चोरी के तीन सबमर्सिबल पंप, प्लास, पेंचकस, चाभी का गुच्छा, रिंच आदि बरामद हुआ। बदमाशों में संतोष और बबलू पहले भी जेल की हवा खा चुके थे।
फर्जी नंबर प्लेट लगा निकले चोरी करने
निगोहां थानाध्यक्ष जगदीश पांडेय की टीम ने ऑपरेशन मिड-नाइट में दो बाइक पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। उनकी पहचान कस्बा निगोहां के राजाराम उर्फ रजऊ, मोहनलालगंज के पदमिन खेड़ा निवासी शिवकुमार और पीजीआई थानाक्षेत्र के खरिका रामपुर तेलीबाग निवासी सरोज कुमार के रूप में हुई। एक बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट थी और दूसरी के भी दस्तावेज नहीं थे। बदमाशों के कब्जे से 15,700 रुपये, नकब लगाने का उपकरण, पेंचकस व प्लास बरामद हुआ। पूछताछ में कुबूला कि तीनों ने मोहनलालगंज के गांव पलटिहा निवासी संतोष कुमार और गांव गौरा के नन्हे के साथ मिलकर महीना भर पहले मदारी खेड़ा और दो दिन पहले गांव उदयपुर के एक घर में चोरी की थी। हाथ लगे गहने संतोष व नन्हे को बेचने के लिए दिए थे। पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की है।