किराये पर बाइक का झांसा देने वाली हेलो राइड कंपनी के चेयरमैन समेत तीन पर ठगी का केस
विभूतिखंड थाने में किराये पर बाइक का झांसा देने वाली हेलो राइड कंपनी के चेयरमैन अभय कुमार कुशवाहा समेत तीन लोगों पर ठगी का आरोप लगाते हुए मिर्जापुर के सदर कोतवाली निवासी करन कुमार शर्मा ने केस दर्ज कराया है।
इंस्पेक्टर राजीव द्विवेदी का कहना है कि करन ने अपने नाम से तीन और पत्नी व भांजे के नाम से एक-एक बाइक चलवाने के लिए कंपनी को कुल 3.05 लाख रुपया दिया था। इंस्पेक्टर ने बताया कि चेयरमैन व निदेशकों के खिलाफ पहले भी कई केस दर्ज हैं।
करन ने बताया कि उसने दिसंबर 2018 में हेलो राइड के विभूतिखंड के साइबर टॉवर स्थित ऑफिस में चेयरमैन अभय कुमार कुशवाहा, निदेशक नीलम वर्मा और मो. आजम अली समेत अन्य लोगों से मुलाकात की थी।
चेयरमैन व निदेशकों ने बाइक किराये पर चलवाकर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। उसने कहा कि एक बाइक के लिए कंपनी 61000 रुपया ले रही है।
करन का कहना है कि 9585 रुपये हर महीने मिलने के लालच में उन्होंने तीन बाइक किराये पर लगवाते हुए कुल 183000 रुपये कंपनी के आईसीआईसीआई बैंक स्थित खाते में जमा करा दिए।
इसके अलावा पत्नी सीनू देवी और भांजे सुरेश कुमार के नाम से भी दो बाइक का 1.22 लाख रुपया जमा कराया। चेयरमैन अभय ने हर महीने बैंक खाते में रुपये भेजने की बात कही थी।
बकौल करन, शुरू के दो महीने खाते में रुपये आए। इसके बाद पैसा आना बंद हो गया। वह कंपनी के ऑफिस पहुंचे तो चेयरमैन अभय कुमार कुशवाहा ने मुलाकात नहीं की।
कर्मचारियों ने जल्द रुपया खाते में भेजने की बात कहकर उन्हें टरका दिया। इसके बावजूद कई महीने तक रुपया नहीं आया तो करन ने पुलिस से संपर्क किया।
इस बीच पुलिस ने चेयरमैन अभय कुमार कुशवाहा को ठगी के आरोप में गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि चेयरमैन अभय कुमार कुशवाहा मूलरूप से कौशांबी का रहने वाला है और यहां जानकीपुरम विस्तार में रह रहा है। जॉपलिंग रोड स्थित एक बिजनेस टॉवर में उसकी इनफिनिटी वर्ल्ड इन्फ्रा हाउसिंग के नाम से कंपनी है।
इसी कंपनी के तहत नौ जुलाई 2018 को उसने हेलो राइड की शुरुआत कर उत्तर प्रदेश समेत कई प्रदेशों के हजारों लोगों को ठगा। अभय और उसके अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है।