लखनऊ। ट्रांसपोर्टनगर स्थित आरटीओ के फिटनेस सेंटर पर सोमवार को दलालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। संभागीय निरीक्षक (आरआई) विष्णु कुमार ने सेंटर के बाहर खड़े वाहनों की पड़ताल की। यह देख दलाल भाग निकले। कई दलालों को खदेड़ा गया। आरआई ने निर्देश दिए कि अब फिटनेस सेंटर पर वाहन चालक व स्वामी को ही प्रवेश दिया जाएगा। सीसीटीवी कैमरे से इसकी निगरानी से की जाएगी।
आरटीओ के फिटनेस सेंटर के बाहर अनाधिकृत रूप वाहनों व लोगों का जमावड़ा लगता है। दलाल भी प्रवेश करने की कोशिश करते है। इसे लेकर सिक्योरिटी गार्डों से कहासुनी की शिकायतें मिलने के बाद आरटीओ प्रशासन संजय कुमार तिवारी के निर्देश पर आरआई विष्णु कुमार ने अभियान चलाकर दलालों को खदेड़ा। सेंटर के अंदर सिर्फ वाहन स्वामी और चालक को प्रवेश देने के निर्देश दिए गए हैं। गार्डों से कहा गया कि कोई जबरदस्ती घुसने की कोशिश करता है तो तत्काल सूचित करें।