सस्ता होने से टमाटर का रंग उतरा तो प्याज ने कीमत बढ़ाकर रंगत दिखाना शुरू कर दिया है। शहर के फुटकर बाजार में मंगलवार को प्याज 40 रुपये किलो बिका।
फुटकर मंडी के दुकानदार मनमाने तरीके से प्याज के दाम उपलब्धता के आधार पर तय कर रहे हैं। इन दुकानदारों ने चार दिन में 12 रुपये प्रति किलोग्राम दाम बढ़ा दिए हैं, जबकि नासिक से लखनऊ तक प्याज पहुंचने की लागत 27 से 29 रुपये तक आ रही है, जो थोक मंडी में 31-32 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।
डालीगंज फुटकर सब्जी मंडी के दुकानदार कल्लू ने बताया कि शनिवार से मंगलवार तक प्याज के दाम में 12 रुपये का इजाफा हुआ है।
शनिवार को 28 रुपये प्रति किलोग्राम बिकने वाला प्याज मंगलवार को 40 रुपये तक पहुंच गया। वहीं, कॉलोनी में ठेले वाले 45 रुपये प्रति किलोग्राम तक प्याज बेच रहे हैं।
थोक कारोबारियों की मानें तो फुटकर दुकानदारों की मुनाफाखोरी के कारण प्याज के दाम में आग लगी है। मंगलवार को नासिक से प्याज के थोक कारोबारी सुरेश सोनकर ने बताया कि यहां की लासल एवं पीपल मंडी में प्याज 23 से 25 रुपये किलो बिक रहा है।
लखनऊ तक पहुंचने में करीब 4 रुपए प्रति किलो की लागत आती है, इसलिए वहां प्याज की कीमत 27 से 29 रुपये प्रति किलो हो जाती है, जिसे 29 से 32 रुपये प्रति किलो बिकना चाहिए, लेकिन फुटकर दुकानदार मंडी में प्याज की आमद देखकर दाम तय करते व बेचते हैं।