रुपये न देने पर एक दबंग बंदी ने जेल अस्पताल में भर्ती दूसरे बंदी पर हमला कर दिया। बैरक के अन्य बंदियों ने बीच-बचाव किया तो उन्हें भी मारने दौड़ा। जेल प्रशासन ने एहतियातन दोनों की बैरकें बदल दीं।
जेल सूत्रों की माने तो हमले में घायल बंदी का मेडिकल करते समय उसके शरीर पर मिली कई चोटों को जेल डॉक्टर ने एंजरी रजिस्टर में दर्ज किया है। सूत्राें के मुताबिक, जिस बंदी पर हमला हुआ है, वह दहेज एक्ट में बंद है और किसी अफसर का बेटा बताया जा रहा है।
जिला कारागार के अस्पताल की बैरक संख्या एक में शनिवार को दबंग सईद ने उसकी बैरक में ही बंद अंशुमान पाण्डेय से रुपये मांगे। जब अंशुमान ने रुपये देने से इनकार कर दिया तो सईद ने बेड के पास रखे ग्लूकोज चढ़ाने वाले स्टैंड की लोहे की रॉड से अंशुमान पर हमला कर दिया।
दबंग ने उस पर ताबड़तोड़ कई वार किए जिससे अंशुमान चोटिल होकर फर्श पर गिर गया। उसे बचाने के लिए अन्य बंदियों को आता देख दबंग रॉड लेकर उनकी ओर दौड़ पड़ा। मारपीट से जेल अस्पताल मे अफरातफरी मच गई।