बरसाती नाले में नहाने उतरे चचेरे भाइयों में एक डूब गया। करीब दो घंटे की तलाश के बाद उसका शव बरामद हुआ। खबर मिली तो घर में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली।
राजधानी लखनऊ में सोमवार की दोपहर बरसाती नाले में नहाने उतरे चचेरे भाइयों में एक डूब गया। दूसरे के शोर मचाने पर आसपास के लोग भागकर पहुंचे। काफी तलाश के बाद उसका शव बरामद हुआ। घटना से घर में चीख पुकार मच गई।
विज्ञापन
घटना मोहनलालगंज में तिलोकपुर गांव की है। गांव निवासी रामप्रसाद रावत का बेटा रितेश रावत (18) अपने चचेरे भाई अंकित के साथ गांव के पास से बह रहे बरसाती नाले में नहाने गया था। बारिश के कारण नाले के पानी का बहाव तेज था। बहाव तेज होने से नहाने उतरा रितेश बहने लगा। अंकित ने देखा तो उसने मदद के लिए शोर मचाया।
शोर सुनकर आसपास के लोग भागकर पहुंचे। तैराकी जानने वाले लोगों ने नाले में युवक की तलाश शुरू की। एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि लोगों की सूचना पर सिसेंडी पुलिस चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की तलाश के बाद करीब पांच सौ मीटर दूर उसका शव बरामद हुआ है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।