फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चारबाग में बनेगा एक और रेलवे टर्मिनल

Wed, 14 May 2014 09:04 AM IST
निशांत यादव/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
ट्रेन पकड़ने के लिए आलमबाग, आशियाना और बंगला बाजार की तरफ के लोगों को भविष्य में घूमकर चारबाग स्टेशन तक नहीं जाना होगा। इन लोगों के लिए लोको वर्कशॉप की ओर नया रेलवे टर्मिनल तैयार होगा।
विज्ञापन


यहां स्टेशन भवन में उपलब्ध होने वाली सारी सुविधाएं तो मुहैया होंगी ही, कानपुर जाने वाली ट्रेनों के लिए एक शानदार प्लेटफार्म भी होगा। चारबाग स्टेशन पर जल्द ही नौ की जगह 14 प्लेटफार्म होंगे।

यहां मुंबई और दिल्ली की तर्ज पर मेमू और मेल एक्सप्रेस ट्रेनों का यातायात और तेज होगा। चारबाग से दिलकुशा तक चार लेन का रेलखंड होगा।

इसके लिए रेलवे के परिचालन अनुभाग ने डेढ़ साल की मेहनत के बाद चारबाग स्टेशन के लिए भावी मास्टर प्लान तैयार किया है। इस प्लान को रेलवे बोर्ड से पिछले माह मंजूरी भी मिल गई है।
विज्ञापन


चारबाग स्टेशन पर अभी नौ प्लेटफार्म हैं। जिसमें सात प्लेटफार्र्मों से औसतन 240 ट्रेनें रोज गुजर जाती हैं। आठ व नौ नंबर प्लेटफार्मों से 20 से 22 ट्रेनों का संचालन होता है।

चारबाग स्टेशन पर प्लेटफार्मों की कमी और दिलकुशा से चारबाग तक केवल दो लाइन होने के कारण व्यस्त समय में ट्रेनों की लंबी लाइनें लग जाती हैं।

यात्रियों को ट्रेनों के आउटर पर खड़े होने के कारण 30 से 40 मिनट तक प्लेटफार्मों पर ही इंतजार करना पड़ता है।

प्रदेश की राजधानी होने के कारण इस मुख्य स्टेशन पर भविष्य में ट्रेनों के संचालन को और तेज बनाने के लिए परिचालन अनुभाग ने यार्ड रीमॉडलिंग के तहत मास्टर प्लान तैयार किया है।

पहले जहां यार्ड रीमॉडलिंग में केवल तीन नए प्लेटफार्मों का निर्माण 28 करोड़ रुपये से होना था, वहीं अब मास्टर प्लान में नए प्रोजेक्ट का संशोधित बजट रेलवे बोर्ड के पास दोबारा जारी करने के लिए भेजा गया है।

बजट को स्वीकृति मिलते ही मास्टर प्लान पर काम शुरू हो जाएगा। यह काम तीन चरणों में होगा। पहले चरण में प्लेटफार्मों का विस्तार किया जाएगा।

जबकि दूसरे चरण में लाइनों का विस्तार और तीसरे चरण में मालगाड़ी के लिए टर्मिनल बनाया जाएगा।

प्लेटफार्म सात के बगल में यार्ड की जगह चार नए प्लेटफार्र्मों का विस्तार होगा। जबकि अंतिम में लोको वर्कशॉप वाले रेल आरक्षण केंद्र भवन की जगह प्लेटफार्म संख्या 14 बनाया जाएगा। इसी जगह नया टर्मिनल भवन भी बनेगा।

इसका विस्तार लोको चौराहे की ओर होगा। यहां वेटिंग हॉल, टिकट घर व अन्य सारी यात्री सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

सैलून साइडिंग के बगल में बनी पुरानी वाशिंग लाइन को तोड़कर यहां सुल्तानपुर की ओर जाने वाली मेमू और पैसेंजर ट्रेनों के लिए अलग प्लेटफार्म बनाए जाएंगे।

चारबाग स्टेशन के यार्ड में मालगाड़ियां नहीं खड़ी होंगी। चारबाग से दिलकुशा तक चार लेन का रेलखंड होगा। इसमें मालगाड़ियों को सीधे बाहर निकालने के अलावा एक साथ दो मेल व एक्सप्रेस ट्रेनें समान दिशा में चल सकेंगी।

चारबाग स्टेशन की ओर मालगाड़ी न पहुंचे इसके लिए अमौसी से नया बाईपास उतरेटिया के लिए बनेगा। इसके साथ ही आलमनगर से उतरेटिया तक 17 किलोमीटर के बाईपास पर डबल लाइन होगी।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें