बैंक के 42 लॉकर तोड़कर करोड़ों का माल लेकर भागने के आरोपी सोविंद और उसके साथी ने पुलिस टीम पर आठ राउंड गोलियां चलाई थीं। जलसेतु तिराहे पर सोमवार रात पुलिस टीम ने शक के आधार पर एक कार को चेकिंग के लिए रोका था। पुलिस के मुताबिक कार सोविंद का साथी चला रहा था। पुलिस को देखते ही आरोपी तेजी से कार लेकर भागने लगा। इसी बीच गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई थी।
स्वाट टीम के प्रभारी शिवानंद मिश्रा के मुताबिक इससे पहले कि पुलिस आरोपियों के पास पहुंचती, सोविंद ने फायरिंग शुरू कर दी। यह देखकर उसके साथी ने भी गोलियां चलाईं। आरोपियों के हमले में स्वाट टीम प्रभारी और चिनहट थाना प्रभारी बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में सोविंद के सीने में गोली लगी थी। उधर, सोविंद को साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला था। पुलिस ने सोविंद को चिनहट सीएचसी भिजवाया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने मौके से आठ खोखे बरामद किए हैं।
मुठभेड़ में मारे गए बदमाश सोविंद कुमार का मंगलवार शाम डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी कराते हुए पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम में सोविंद के दाहिने सीने पर एक गोली लगी जो पीठ में फंसी मिली। दूसरी गोली बांए तरफ सीने के पास लगी तो आरपार हो गई।