इसके पहले हत्याकांड में गिरफ्तार किए गए अमन बहादुर (बसपा के पूर्व विधायक शमशेर बहादुर सिंह का बेटा) ने मामले का खुलासा करते हुए बताया था कि वारदात के एक दिन पहले बाराबंकी के सफेदाबाद स्थित कालिका हट रेस्टोरेंट में एक बर्थडे पार्टी में प्रशांत और बीबीडी से बीटेक प्रथम वर्ष की पढ़़ाई कर रहे अर्पण शुक्ला उर्फ टाइगर के बीच जूनियर-सीनियर की लड़ाई में मारपीट हो गई थी।
अर्पण ने प्रशांत के साथी सभय मिश्रा को फोन कर बदला लेने की धमकी दी थी। इसके बाद उसने प्रशांत पर हमले की साजिश रची और अमन बहादुर व अन्य लड़कों को साथ में लेकर उसकी तलाश करने लगा। दोपहर में खबर मिली कि प्रशांत अलकनंदा अपार्टमेंट निवासी मुंहबोली बहन के घर जाने वाला है। अर्पण व उनके 10-12 साथी अलकनंदा पहुंच गए और गेट के आसपास खड़े होकर उसका इंतजार करने लगे।
जैसे ही वह कार से आया, अर्पण व उसके साथियों ने हमला कर दिया। कार के शीशे तोड़कर उस पर चाकू से वार किया। बुरी तरह से घायल प्रशांत कार से उतरकर अपार्टमेंट के भीतर एम ब्लॉक की तरफ भागा और सीढ़ियों पर जाकर गिर पड़ा। सूचना पाकर आई पुलिस उसे अस्पताल ले गई जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।