बैग छीनकर भाग रहे आरोपी की सीसीटीवी फुटेज।
लखनऊ। मदेयगंज इलाके में बुधवार रात दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश बदमाश शराब कारोबारी मनीष जायसवाल के कर्मचारी हर्ष जायसवाल से असलहे के बल पर 10 लाख रुपये लूट ले गए। विरोध पर बदमाशों ने चाकू से वार कर दिया। इससे हर्ष की पीठ पर चोट लगी। पुलिन ने लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही सात टीमों को बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है।
डीसीपी मध्य विक्रांत वीर ने बताया कि खदरा दीनदयाल नगर निवासी मनीष जायसवाल की शहर के अलग-अलग इलाके में शराब की 11 दुकानें हैं। उनके यहां काकोरी के सराय प्रेमराज गांव निवासी हर्ष जायसवाल बतौर कलेक्शन एजेंट काम करते हैं। हर्ष रोज की तरह बुधवार रात 11:15 बजे बाइक से दुकानों से बिक्री के रुपये जमाकर पिट्ठू बैग में रखकर मनीष के घर जा रहे थे। हर्ष के बैग में दस लाख रुपये थे। थाने से कुछ दूरी पर स्थित तरन्नुम मार्केट की गली में पहले से घात लगाए बैठे चार नकाबपोश बदमाशों ने हर्ष को रोक लिया। बदमाश हर्ष से पिट्ठू बैग छीनने लगे।
विरोध पर बदमाशों ने हर्ष पर असलहा तान दिया और उनकी पीठ पर चाकू से वार कर दिया। हर्ष की पीठ पर चोट लगी और बदमाश रुपये से भरा बैग लूटकर भाग निकले।
सीसीटीवी में दिखे चार लुटेरे
डीसीपी ने बताया कि लूट की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंच गई। घायल हर्ष का प्राथमिक उपचार कराया गया। पुलिस व क्राइम ब्रांच की सात टीमें लूट के खुलासे के लिए गठित की गई हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से लुटेरों की फुटेज मिली है। फुटेज में लुटेरे भागते हुए नजर आए हैं। उनकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
रेकी कर वारदात को अंजाम दिया गया
पुलिस का मानना है कि लूट की वारदात को बदमाशों ने पूरी रेकी कर अंजाम दिया है। डीसीपी के अनुसार, मनीष जायसवाल के यहां काम करने वाले कर्मचारियों की सूची खंगाली जा रही है। इसके अलावा हर्ष जायसवाल के मोबाइल फोन की भी डिटेल निकाली गई है। घटनास्थल के आसपास लगे मोबाइल टावर की मदद से संदिग्ध मोबाइल नंबरों का डाटा निकाला जा रहा है।
बैग छीनकर भाग रहे आरोपी की सीसीटीवी फुटेज।
बैग छीनकर भाग रहे आरोपी की सीसीटीवी फुटेज।