ड्यूटी के बाद रात में बाइक से घर जा रहे दो होमगार्डों को एक तेज रफ्तार वाहन ने अटरिया इलाके में हाईवे पर शनिवार सुबह टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों होमगार्ड गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इनको लखनऊ के ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां एक होमगार्ड की मौत हो गई। दूसरे होमगार्ड का इलाज चल रहा है। दोनों होमगार्ड कमलापुर इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
कमलापुर थाना क्षेत्र के हरदी गोड़ा गांव निवासी होमगार्ड दिनेश कुमार (48) पुत्र तुलसी व कमलापुर कस्बा निवासी होमगार्ड रमेश गुप्ता (45) पुत्र मुन्नीलाल अटरिया इलाके में तैनात हैं। दिनेश कुमार की ड्यूटी अटरिया इलाके में हाईवे पर कुंवरपुर बैरियर पर थी, जबकि रमेश की पड़ोस स्थित एक बैंक में नाइट ड्यूटी थी।
रात को ड्यूटी के बाद दोनों होमगार्ड बाइक से कमलापुर जा रहे थे। जैसे ही दोनों अटरिया इलाके में हाईवे पर कुंवरपुर बरियर से करीब सौ मीटर आगे बढ़े, वैसे ही खानीपुर जाने वाले संपर्क मार्ग के पास एक अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार दोनों होमगार्ड गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पुलिस ने दोनों होमगार्डों को लखनऊ के ट्रामा सेंटर भेजवाया, जहां दिनेश कुमार की मौत हो गई, जबकि रमेश का इलाज चल रहा है। घटना की खबर होमगार्डों के घर वालों को भी दी गई है। इंस्पेक्टर राम नेरश का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।