हादसे में मृतक युवक व घटनास्थल का एक दृश्य।
- फोटो : अमर उजाला
बहराइच जिले के सुजौली थाना क्षेत्र निवासी दो भाई बाइक से बड़े भाई की शादी का कार्ड देने के लिए मिहींपुरवा आए थे। जहां से लौटते समय मिहींपुरवा-कतर्नियाघाट मार्ग पर बाइक में तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक भाई की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्ट के लिए भेज दिया है। वहीं, मौत की सूचना घर पहुंचते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और घर में कोहराम मच गया।
सुजौली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रमपुरवा मटेही के मजरा नौतोड निवासी भीम उम्र (20) के बड़े भाई का आगामी दिनों में विवाह है जिसको लेकर बृहस्पतिवार को भीम छोटे भाई अर्जुन (17) के साथ शादी का कार्ड देने के लिए मिहींपुरवा आया था। जहां से कार्ड देने के बाद बाइक से घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान मिहींपुरवा-कतर्नियाघाट राजमार्ग पर हंसुलिया पुल के पास किसी तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी।
हादसा इतना जोरदार था कि भीम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पीछे बैठा अर्जुन गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल को इलाज के लिए सीएचसी मिहीपुरवा पंहुचाया गया। जहां उसका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक भीम हेलमेट लगाए था। पुलिस हादसा करने वाले वाहन का पता लगा रही है।