इकौना (श्रावस्ती)। बौद्ध परिपथ स्थित मोहनीपुर के निकट मंगलवार को दो बाइकों की भिड़ंत में तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची इकौना पुलिस ने घायलों को सीएचसी इकौना पहुंचाया। जहां से तीनों को मेडिकल कालेज बहराइच रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान रवींद्र की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।वहीं एक अन्य घटना में अज्ञात वाहन की टक्कर में बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भिनगा रेफर किया गया है।
इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम सोनरई निवासी रविंद्र कुमार (36) मंगलवार शाम बाइक से इकौना जा रहा था। इस दौरान उसके साथ उसका पिता सूर्य प्रकाश (60) भी मौजूद था। जैसे ही रवींद्र बाइक लेकर बौद्ध परिपथ स्थित मोहनीपुर के निकट पहुंचा। सामने से बाइक लेकर आ रहे बहराइच जिले के थाना पयागपुर अंतर्गत ग्राम परसिया पंडित निवासी सचिन (16) आ गया। भिड़ंत से दोनों बाइक पर सवार तीनों लोग गंभीर घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। जहां रवींद्र की मौत हो गई।
वहीं एक अन्य घटना में इकौना के ग्राम महजिदिया के मजरा कोरी पुरवा निवासी रामू (28) बाइक से कहीं जा रहा था। इस दौरान उसके साथ भगवानपुर बनकट निवासी राजेश (32) भी मौजूद था। जैसे ही रामू बाइक लेकर मोहनीपुर पेट्रोल पंप के निकट पहुंचा। किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इसकी चपेट में आकर बाइक सवार रामू व राजेश घायल हो गए।