यूपीए के कार्यकाल में नामित राज्यसभा सदस्य एवं मशहूर फिल्म अभिनेत्री रेखा गणेशन की कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को खुश करने की ख्वाहिश अधूरी रह गई। राहुल के संसदीय क्षेत्र अमेठी में जिस सड़क को बनवाने के लिए रेखा ने अपनी सांसद निधि से एक करोड़ रुपये दिए थे उसे लोक निर्माण विभाग पहले ही बनवा चुका है। इस आधार पर विकास विभाग सांसद निधि की धनराशि की वापसी की तैयारी में है।
मशहूर फिल्म अभिनेत्री रेखा गणेशन यूपीए-दो कार्यकाल में राज्यसभा सदस्य नामित की गई थीं। कांग्रेस की मेहरबानी को देखते हुए अभिनेत्री रेखा गणेशन ने अपने कार्यकाल के अंतिम समय में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में एक सड़क की निर्माण करवाकर राहुल गांधी को उपकृत करने की कोशिश की थीं। उन्होंने कुछ कांग्रेसियों के कहने पर अमेठी संसदीय क्षेत्र के जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र में भवानीगढ़ से रैंचा मार्ग के लेपन के लिए अपनी सांसद निधि से करीब एक करोड़ रुपये दिए थे।
कार्ययोजना स्वीकृत होने के बाद ग्राम्य विकास अभिकरण ने धनराशि की पहली किस्त के रूप में करीब 70 लाख रुपये कार्यदायी संस्था आरईएस को अवमुक्त कर दिए। धनराशि जारी होने के बाद जब कार्यदायी संस्था आरईएस की ओर से मार्ग पर कार्य करने की तैयारी शुरू की तो लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सड़क पूर्व में बनी होने की रिपोर्ट भेज दी। पीडब्ल्यूडी की ओर से सड़क बनवाने की रिपोर्ट मिलने के बाद विकास विभाग ने कार्य कराने से हाथ खड़ा कर लिया।
विकास विभाग की ओर से पहले से कार्य होने की रिपोर्ट जाने के बाद रेखा गणेशन की राहुल गांधी के क्षेत्र में अपनी निधि से कार्य कराकर उन्हें खुश करने की ख्वाहिश अधूरी रह गई। विकास विभाग अब धनराशि की वापसी की तैयारी में है। धनराशि वापस करने के लिए ग्राम्य विकास अभिकरण ने आरईएस को पत्र लिखा है। हालांकि पत्र लिखने के बाद भी आरईएस ने अभी तक धनराशि वापस नहीं की है।