लोकसभा चुनाव में गड़बड़ी रोकने के लिए सक्रिय पुलिस ने सोमवार को दो थाना क्षेत्रों में छापेमारी करके दो शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक आरोपी पुलिस टीम को चकमा देकर भाग गया। छापेमारी में असलहों का जखीरा बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
विज्ञापन
सीओ सिटी महावीर सिंह ने बताया कि कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक राजनाथ सिंह, स्वाट टीम प्रभारी मनोज कुुमार सिंह व राजकुमार सिंह को सूचना मिली थी कि पूरे कड़वलिया गांव में एक व्यक्ति असलहा फैक्टरी का संचालन कर रहा है। वह असलहे बनाकर दूसरे जनपदों में तस्करी कर रहा है।
इस सूचना पर पुलिस टीम ने पूरे कड़वलिया गांव में देवीचरण उर्फ पुजारी वर्मा के घर पर छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके घर से 12 बोर के आठ तमंचे, एक अद्धि बंदूक, 315 बोर के दो तमंचे, 12 बोर की पांच नाल, 12 बोर के चार कारतूस व आठ खोखे के साथ ही ड्रिल मशीन, हथौड़ा, प्लास, रेती, रिपिट समेत कई उपकरण बरामद हुए हैं।
सीओ के मुताबिक देवीचरण ने पूछताछ में बताया कि वह काफी समय से अपने घर पर अवैध असलहा फैक्टरी चला रहा है। वह असलहे बनाकर गैर जनपदों में तस्करी कर बेचता है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विनय कुमार यादव, कुलदीप त्रिपाठी, हेड कांस्टेबिल श्रीनाथ शुक्ल, जितेंद्र कुमार, कांस्टेबिल मुलायम सिंह यादव, अमित यादव, अजीत चंद्र, रामप्रताप मौर्या, अनुज वर्मा, आदित्य पाल, राजेंद्र यादव, सतवंत शर्मा, जितेंद्र कुमार, कमल सिंह, अयोध्या प्रजापति, महिला कांस्टेबिल रेनू रावत व सुमन यादव शामिल रहीं।
वहीं धानेपुर पुलिस ने सोमवार को क्षेत्र के दत्तनगर गांव के मजरे सिरसापुरवा में राजेश्वरी पांडेय के घर पर छापा मारा। इस दौरान वहां से दिनेश तिवारी निवासी खमौली थाना धानेपुर व मायाराम निवासी आनंदनगर थाना धानेपुर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने मौके पर 12 बोर का एक तमंचा, एक अर्द्धनिर्मित रायफल, 12 बोर की सात नाल, 315 बोर की चार नाल, 32 बोर की पांच नाल, 12 बोर के चार कारतूस, 32 बोर के चार कारतूस, 315 बोर के चार व 12 बोर के चार खोखे बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी राजेश्वरी पांडेय मौके से फरार हो गया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शादाब आलम, आशीष कुमार, सुदामा लाल, हेड कांस्टेेबिल विनोद पांडेय, राजेंद्र यादव, कांस्टेबिल अभिमन्यु गुप्ता, आनंद उपाध्याय, प्रवीण कुमार पांडेय व महिला सिपाही नंदिनी पांडेय शामिल रहीं।