जंगल में हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद मौके पर जांच करते एसपी।
श्रावस्ती। सिरसिया पुलिस व एसओजी की टीम ने बृहस्पतिवार रात चार लोगों को गिरफ्तार किया। बाद में गैंग लीडर को चोरी का सामान बरामद करने के लिए पुलिस सोहेलवा जंगल ले गई। यहां उसने पुलिस पर फायर कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल ले जाया गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने तमंचा, कारतूस व दो बाइक बरामद की हैं।
सिरसिया पुलिस बृहस्पतिवार रात एसओजी टीम के साथ गश्त पर निकली थी। इस बीच सूचना मिली कि गब्बापुर स्थित तालाब के पास कुछ लोग लूट की साजिश रच रहे हैं। मौके पर पहुंची टीम ने घेराबंदी कर चार लोगों को दबोच लिया। उनकी पहचान भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हल्लाजोत के मजरा बाबू पुरवा निवासी हसन अली, बनघुसरा निवासी लाल मंथन उर्फ मिथुन, लक्ष्मनपुर इटवरिया के मजरा भभरापुर निवासी बाबादीन उर्फ जलालुद्दीन व बलरामपुर जिले के थाना हरैया क्षेत्र के सिकंदर बोझी निवासी रमेश मिश्रा उर्फ पट्टे महाराज के रूप में हुई।
एसपी घनश्याम चौरसिया ने बताया कि रात में जब गैंग लीडर हसन अली को माल की बरामदगी के लिए सोहेलवा जंगल ले जा रहे थे तभी उसने प्रधान आरक्षी देवेन्द्र प्रताप की गन छीनकर पुलिस पार्टी पर दो फायर कर दिए। प्रभारी निरीक्षक सिरसिया राजकुमार सरोज द्वारा आत्मरक्षा में अपनी सरकारी पिस्टल से फायर किया गया। इसमें हसन अली के बाएं पैर में गोली लगी। उसे सीएचसी सिरसिया भेजा गया है।