लखनऊ। गुडंबा थाने में स्कॉर्पियो ग्रुप के निदेशक ने तीन लोगों के खिलाफ रंगदारी मांगने का केस 14 जून को दर्ज कराया था। एक आरोपी को पुलिस ने सोेमवार को गिरफ्तार कर लिया। दो अन्य की तलाश की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक गुडंबा कुलदीप सिंह गौर के मुताबिक, वुडलैंड गार्डन निवासी अनिल जायसवाल रुद्राक्ष डवलपर्स के नाम पर रियल एस्टेट का कारोबार करते हैं। उनका पूरा कारोबार गुडंबा के बसहा व बरखुरदारपुुर में हैं। वे स्कॉर्पियो ग्रुप के निदेशक हैं। अनिल के मुताबिक, सुभाष निषाद, राम प्रकाश सिंह व श्रीकांत प्रकाश उर्फ एसपी सिद्घार्थ व कुछ अन्य लोग एक गिरोह बनाकर उनसे वसूली कर रहे थे। इसमें कुछ खुद को पत्रकार बताते हैं तो कुछ भाकियू के कार्यकर्ता। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, आरोपी रामप्रकाश सिंह निवासी महोना इटौंजा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, रामप्रकाश सिंह खुद को राष्ट्रीय किसान मजदूर यूनियन का राष्ट्रीय महासचिव बताता है।