लखनऊ। साल खत्म होने में एक माह से ज्याद का समय बाकी है, ऐसे में चालू वर्ष में निर्मित की गईं कारों का स्टॉक खत्म करने के लिए दिसंबर में कंपनियां अच्छी स्कीमें लाने की तैयारी में हैं। कारोबारियों के मुताबिक, नए साल में कार कंपनियां अपने रेट बढ़ा देती हैं। ऐसे में कार कंपनियों के स्टॉक क्लीयर करने की मजबूरी में ग्राहकों को सामान्य छूट के मुकाबले दिसंबर में कारों पर डेढ़ गुना से ज्यादा तक की छूट मिल जाती है।
सनी टोयोटा के जीएम सेल्स प्रदीप शुक्ला का कहना है कि नए साल में कार कंपनियां कारों के दाम बढ़ा देती हैं। इससे पहले स्टॉक क्लीयर करने के लिए कंपनियां दिसंबर में सामान्य ऑफर की अपेक्षा डेढ़ गुना तक ज्यादा छूट देती हैं। महंगे वाहन खरीदने वाले ग्राहकों की चाहत होती है कि उनके पास नए मॉडल का वाहन हो। बाइक की खरीदारी करते वक्त ग्राहक नए साल में वाहनों की खूब बुकिंग कराते हैं जबकि कार व अन्य वाहन खरीदने वाले दिसंबर में। कार कंपनियां अपना स्टॉक क्लीयर करने के लिए अच्छी स्कीम लाती हैं। क्योंकि नए साल में पिछले साल की निर्मित कारों के रेट और भी कम हो जाएंगे। इसलिए कंपनियां भी चाहती हैं कि दिसंबर अंत तक ही वह किसी भी तरह बचे स्टॉक को बेच लें।
कारोबारी बताते हैं कि पिछले दो-तीन सालों के मुकाबले इस बार कारों की बिक्री अच्छी हुई है, इस लिहाज से कार कंपनियों ने ज्यादा उत्पादन भी किया है। डीलरों के पास भी अच्छा खासा स्टॉक है। फेडरेशन ऑफ ऑटो डीलर्स एसोसिएशन की रिपोर्ट में इस बार प्रदेश भर के डीलरों के पास अच्छे स्टॉक की गुंजाइश जताई गई है। हालांकि, यह स्कीम कारों के उन मॉडल पर ही लागू होगी जिनका स्टॉक डीलरों के पास बचा रह गया है। अगर 10 लाख रुपये की एक कार पर सामान्य छूट 30,000 रुपये है तो वह दिसंबर में बढ़कर 50,000 रुपये तक हो जाती है। संवाद
अच्छी बिक्री व ऑफर की आशा
अक्तूबर में नवरात्र व दिवाली पड़ने की वजह से अच्छी बिक्री हुई है। इससे प्रदेश के ऑटोमोबाइल सेक्टर को नया जीवन मिला है। दो पहिया वाहन ने 54 फीसदी से ज्यादा बिक्री कर नए कीर्तिमान गढ़े हैं। सहालग की वजह से यह बिक्री नवंबर और दिसंबर तक भी बने रहने की उम्मीद है।
- प्रतीक जैन, प्रदेश अध्यक्ष फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन
सहालग के चलते रहेगी खूब मांग
साल के खत्म होने से पहले ही गाड़ियों की डिमांड बढ़ने से हमारे पास शॉर्टेज शुरू हो गई है। नवंबर से लेकर दिसंबर तक सहालगों के चलते खूब बिक्री की उम्मीद है। स्टॉक रहने पर ही कंपनियां बड़ी छूट देती हैं।
- सृजन बजाज, एमडी- ब्राइट मोटर्स एंड ब्राइट फोरवील सेल्स प्राइवेट लिमिटेड
बाइक की 54 फीसदी, कार की बिक्री 44 फीसदी बढ़ी
इस साल अक्तूबर में दोपहिया से लेकर चार पहिया वाहनों तक की खूब बिक्री हुई है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल के मुकाबले प्रदेश भर में बाइकों की 54.39 फीसदी तो कारों की बिक्री 44.64 फीसदी बढ़ी है। जबकि, तीन पहिया में 16.64 फीसदी और कॉमर्शियल वाहनों में 1.14 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। ट्रैक्टर की बिक्री में 28.44 फीसदी का इजाफा हुआ है।