बाबरी मस्जिद मामले के पक्षकार हाजी महबूब ने विहिप के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि विहिप किस हैसियत से जमीन मांग रही है। वे कौन होते हैं इस तरह की मांग करने वाले। वे न तो पक्षकार है, सुप्रीम कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। केस वापस लेने के बयान पर भी वे नाराज दिखे, कहा कि हम केस क्यों वापस लेंगें, वापस लेने का कोई आधार भी नहीं है। वे कुछ नहीं है तो किस हैसियत से अयोध्या मामले में अड़ंगा डालने का प्रयास लगातार कर रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट में जाकर दावा करें चंपत राय: इकबाल
बाबरी मस्जिद मामले के पक्षकार इकबाल अंसारी ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद न मामले में पक्षकार है, न ही देश की सरकार, आखिर वह किस हैसियत से विवादित जमीन पर दावा कर रहे हैं। भीड़ जुटाने से संविधान का गला नहीं घोंटा जा सकता। सबसे बड़ा सुप्रीम कोर्ट है, मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, विहिप को पूरी जमीन चाहिए तो सुप्रीम कोर्ट से मांगें। जमीन का बंटवारा हाईकोर्ट ने किया था, इसके खिलाफ हिंदू-मुस्लिम दोनों पक्षकार सुप्रीम कोर्ट में दावा कर चुके हैं, सुनवाई चल रही है, जो निर्णय आएगा वही मान्य होगा।