सरकार ई-गवर्नेंस के जरिए अगस्त से लोगों को घर बैठे ही ऑनलाइन मैरिज रजिस्ट्रेशन की सुविधा मुहैया कराने जा रही है। इसके लिए स्टांप एवं पंजीयन विभाग ने एक सॉफ्टवेयर तैयार कराया है।
इसके माध्यम से लोग घर बैठे ही मैरिज रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे और कोर्ट गए बगैर ही उन्हें सर्टिफिकेट भी ऑनलाइन ही मुहैया कराया जाएगा।
इस सिस्टम की खास बात यह है कि रजिस्ट्रेशन कराने वाले लोगों को अब अपना वेरिफिकेशन कराने के लिए भी कोर्ट नहीं जाना पड़ेगा। इस योजना को आधार कार्ड से जोड़ दिए जाने की वजह से कई और सहूलियतें भी मिलेंगी।
दरअसल अब तक लोगों को ऑनलाइन मैरिज रजिस्ट्रेशन कराने के बाद भी रजिस्ट्री कोर्ट में व्यक्तिगत तौर पर उपस्थित होना पड़ता था।
इस महीने के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा काम
रजिस्ट्रेशन के लिए सर्टिफिकेट जमा करने के साथ ही गवाह की भी व्यवस्था करनी पड़ती थी। सारी प्रक्रिया पूरी करने के बाद भी उन्हें सर्टिफिकेट के लिए महीनों कोर्ट का चक्कर काटना पड़ता था।
इस झमेले से जनता को मुक्ति दिलाने के लिए स्टांप एवं पंजीयन विभाग ने अब ऑनलाइन मैरिज रजिस्ट्रेशन कराने की व्यवस्था शुरू करने जा रहा है।
इसके लिए विभाग ने एनआईसी के साथ मिलकर सॉफ्टवेयर तैयार कराया है। जिसके परीक्षण का काम अंतिम चरण में है, जो इस महीने के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। परीक्षण का काम पूरा होते ही सूबे में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की शुरूआत करा दी जाएगी।
ऑनलाइन ही हो जाएगा दंपती का वेरिफिकेशन
- फोटो : demo pic
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन सिस्टम को ‘आधार’ से लिंक कर दिए जाने से अब रजिस्ट्रेशन कराने वाले दंपती को अपना वेरिफिकेशन कराने के लिए कोर्ट नहीं जाना पड़ेगा।
वर-वधू को मैरिज रजिस्ट्रेशन कराने के समय ही अपना आधार नंबर और मोबाइल नंबर या ई-मेल आईडी दर्ज करानी होगी। इसके बाद सॉफ्टवेयर दोनों पक्षों के मोबाइल या ई-मेल आईडी पर ‘वन टाइम पॉसवर्ड’ (ओटीपी) उपलब्ध करा देगा। जिससे दोनों लोगों की पहचान की पुष्टि कर ली जाएगी।
इसके बाद उन्हें तुरंत डिजिटल सिग्नेचर किया हुआ सर्टिफिकेट भी ऑनलाइन ही उपलब्ध करा दिया जाएगा। जिन लोगों के पास आधार कार्ड नहीं होगा, उन्हें पहचान कराने के लिए कोर्ट जाना पड़ेेगा। वहीं आधार धारक दंपती को शैक्षिक प्रमाण पत्र नहीं जमा करना होगा।
इस पर प्रमुख सचिव स्टांप एवं पंजीयन विभाग अनिल कुमार का कहना है कि ऑनलाइन मैरिज रजिस्ट्रेशन को आधार से लिंक करने की कार्रवाई अब अंतिम चरण में है। टेस्टिंग का काम चल रहा है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। अगस्त से इसे शुरू कर दिया जाएगा।