नगर निकाय चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर बात नहीं बनने से नाराज चल रहे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष व योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर का भाजपा पर हमला जारी है।
उन्होंने कहा है कि गुजरात में उनकी पार्टी भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ेगी। इसी तरह, उन्होंने राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की सुरक्षा हटाने को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कहा लालू की सुरक्षा हटाना केंद्र का गलत फैसला है।
साथ ही, उन्होंने नगर निकाय चुनाव में वोटर लिस्ट से बहुत लोगों का नाम गायब होने को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग के बहाने प्रदेश सरकार को भी कठघरे में खड़ा किया।
योगी सरकार में दिव्यांग कल्याण जैसे विभाग का दायित्व मिलने से राजभर पहले ही कुंठित थे। इस बीच, नगर निकाय चुनाव में कुछ सीटों पर समझौता करने के उनके प्रस्ताव को भी भाजपा ने नकार दिया तो उनका पारा और चढ़ गया।
लिहाजा, उन्होंने निकाय चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारने की बात कही है। यही नहीं, अपने गुस्से का इजहार करने के लिए ही पिछले दिनों उन्होंने लखनऊ में एक बड़ी रैली की घोषणा भी की थी, लेकिन प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण उनको रैली रद्द करनी पड़ी थी।