लखनऊ। ठाकुरगंज के अहमदगंज पजावा निवासी विमला सिंह (80) शनिवार को घर में बेहोशी की हालत में मिलीं। उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने विमला के बेटे अतेंद्र पर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक अतेंद्र नशे का आदी है और मानसिक रूप से कमजोर है।
इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का आरोप निराधार लग रहा है, क्योंकि वृद्धा के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। कुछ दिन पहले उनके कूल्हे की हड्डी टूट गई थी, जिससे उन्हें चलने-फिरने में दिक्कत होती थी। मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी है।
विमला के दामाद लालाबाग निवासी बृजेन्द्र सिंह ने बताया कि विमला के पति राम प्रताप सिंह व बड़े बेटे वीरेंद्र का निधन हो चुका है। चार बेटियों की शादी हो चुकी है। घर में मां-बेटा रहते थे। उनका आरोप था कि अतेंद्र अक्सर नशे में अपनी मां से पैसे के लिए झगड़ा और मारपीट करता था। आशंका है कि उसी ने मां की हत्या की है।