लखनऊ। कृष्णानगर इलाके में बृहस्पतिवार देर रात तेज रफ्तार कार ने पीछे से ई रिक्शे में टक्कर मार दी। हादसे में ई रिक्शा सवार बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उनकी तीन बेटियां घायल हो गईं।
पारा स्थित नरपत खेड़ा डूडा कॉलोनी की रहने वाली सुषमा (60) की तीन बेटियां हैं। उनके पति की काफी समय पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। दो बेटियां सीमा व क्रांति ई रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। बृहस्पतिवार रात वृद्धा रिश्ते के दामाद को देखने ई रिक्शा से कृष्णानगर सि्थत अस्पताल गई थीं। साथ में तीनो बेटियां सीमा, क्रांति और सोनी भी थीं। लौटते समय ई रिक्शा क्रांति चला रही थी।
रात करीब 12:30 बजे बल्दीखेड़ा के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से ई रिक्शा पलट गया और मां-बेटियां इसके नीचे दबकर घायल हो गईं। आरोपी चालक मौका पाकर कार लेकर भाग निकला। राहगीरों ने किसी तरह मां-बेटियों को ई रिक्शा से निकाला। पुलिस ने चारों को ट्राॅमा पहुंचाया, वहां डॉक्टरों ने सुषमा को मृत घोषित कर दिया। जबकि सीमा का पैर टूट गया और क्रांति व सोनी को भी गंभीर चोटें आई है।