केजीएमयू में वृद्धा से टप्पेबाजी, अल्ट्रासाउंड के बहाने ले गया जेवर
लखनऊ। केजीएमयू में अल्ट्रासाउंड कराने के बहाने टप्पेबाज ने बहराइच के हुजूरपुर में बांरा गांव निवासी वृद्धा जमीला खातून के जेवर पार कर दिए। उनके बेटे अबीदुल्लाह खान ने चौक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अबीदुल्लाह के मुताबिक मां काफी दिनों से बीमार हैं। उनकाे लेकर सोमवार को केजीएमयू पहुंचे थे। डॉक्टर ने जांच के लिए लिखा था। वह मां को लेकर पीआरओ ऑफिस के पास पहुंचे थे। तभी सफेद शर्ट व गमछा डाले युवक उनके पास पहुंचा और खुद को केजीएमयू में ही रहने वाला बताया। उसने जांच का तरीका समझाते हुए अबीदुल्लाह को एक फॉर्म लाने को कहा। फिर जमीला को लेकर पीआरओ ऑफिस के पीछे चला गया।
आरोपी ने अल्ट्रासाउंड होने की बात कहकर जमीला के जेवर उतरवा लिए। जेवर व 630 रुपये आरोपी ने ले लिए और जांच की तैयारी कराने की बात कहकर निकल गया। अबीदुल्लाह ने टप्पेबाज को काफी खोजा, पर वह नहीं मिला। इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय के मुताबिक केजीएमयू की कुछ फुटेज में आरोपी दिखा है। जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा।