लखनऊ के लोगों को ओला, उबर की टैक्सियों में छावनी क्षेत्र होकर सफर करना अब महंगा पड़ेगा। छावनी परिषद ने 22 अक्तूबर से इन पर प्रति राउंड 30 रुपये का टोल टैक्स लगा दिया है। इस आदेश के तहत ओला, उबर की टैक्सी यात्री को लेकर जितनी बार छावनी में प्रवेश करेंगी, उतनी बार उन्हें 30 रुपये का टैक्स भरना पड़ेगा। इसका असर आठ हजार टैक्सी ऑपरेटरों पर पड़ेगा।
छावनी बोर्ड ने भले ही यह टैक्स इन टैक्सी कंपनियों पर लगाया हो, लेकिन इसकी भरपाई असल में जनता की जेब से ही होगी। टैक्स के बाद ओला, उबर टैक्सी का छावनी होकर सफर करना महंगा हो गया है। इस संबंध में मुख्य अधिशासी अधिकारी ने 22 अक्तूबर काे आदेश जारी करते हुए निजी फर्म को टैक्स की वसूली का ठेका दिया है। इसकी वसूली अर्जुनगंज, दिलकुशा, तेलीबाग, जेल रोड, लोको, मखनिया, मोहाल पॉइंट पर होगी।