लखनऊ। पूरनपुर उपकेंद्र से पोषित गार्डन व्यू सोसाइटी में लगे ट्रांसफार्मर से तेल, कॉपर व अन्य सामग्री चोर चुरा ले गए। सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने रविवार शाम अवर अभियंता रामकैलाश यादव की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ चोरी की एफआईआर दर्ज की है।
अधिशासी अभियंता मोहनलालगंज श्रवण कुमार सिंह के मुताबिक, पूरनपुर उपकेंद्र के सेवई फीडर से सोसाइटी को बिजली आपूर्ति की जाती है। रविवार सुबह यहां रहने वाले कृष्णा यादव और रजत मिश्रा ने रात से आपूर्ति बाधित होने की शिकायत की। मौके पर पहुंचे संविदा कर्मी वीरेंद्र वर्मा ने देखा कि ट्रांसफार्मर से तेल, कॉपर व अन्य सामग्री गायब थी। लेसा के अफसर भी मौके पर पहुंचे और जांच की। दोपहर करीब एक बजे विद्युत कर्मियों ने पास से ही गुजरी एलटी लाइन से जोड़कर सोसाइटी की बिजली आपूर्ति बहाल कराई। डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।