प्रदेश में आईएएस वीक की तर्ज पर आईएफएस वीक भी मनाया जाएगा। इसके लिए भारतीय वन सेवा एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और वन मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव से बात की है। वन मंत्री ने तो प्रस्ताव पर सहमति जता दी है, जबकि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जवाब का अभी आईएफएस अधिकारियों को इंतजार है।
भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के उत्तर प्रदेश में 217 अधिकारी हैं। प्रमोशन समेत तमाम मुद्दों को लेकर उनकी शिकायतें भी अक्सर सामने आती रहती हैं। विभिन्न समीक्षा बैठकों में कुछ अधिकारी भी साथी अधिकारियों के कामकाज को लेकर सवाल उठाते रहते हैं।
लेकिन, आईएफएस एसोसिएशन के लिए कोई एक ऐसा कॉमन प्लेटफॉर्म नहीं है, जहां इन सभी समस्याओं और चिंताओं पर खुले मन से मंथन किया जा सके। नतीजतन, आईएफएस अधिकारियों ने भी सूबे में आईएफएस वीक मनाने का फैसला किया है।
इन अधिकारियों का मानना है कि आईएफएस वीक के माध्यम से वे अपनी समस्याओं और मांगों को अधिक मुखर ढंग से शासन के सामने रख सकेंगे।
अगर हर साल अप्रैल-मई में यह आयोजन करने की अनुमति मिल जाए तो जून में शुरू होने वाले पौधरोपण अभियान में अधिकारी नई ऊर्जा के साथ लग सकेंगे।
उत्तर प्रदेश के प्रमुख वन संरक्षक वन एवं विभागाध्यक्ष उमेंद्र शर्मा ने बताया कि भारतीय वन सेवा के अधिकतर अधिकारी उनसे आईएफएस वीक मनाने का अनुरोध कर चुके हैं। उन्होंने वन मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से इसकी अनुमति देने का अनुरोध किया है। जैसे ही अनुमति मिलेगी, कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी।