प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि केंद्र सरकार की टीबी के मरीजों को हर महीने इलाज के साथ पोषण भत्ते के रूप में 500 रुपये दिए जाने की योजना कागजों तक सिमट कर रह गई है। टीबी के मरीजों को उचित इलाज भी नहीं मिल पा रहा है। यही कारण है कि देश में हर साल 4 लाख से ज्यादा लोगों की मौतें टीबी से हो रही हैं।
लल्लू ने कहा कि उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं पहले से ही वेंटिलेटर पर हैं। यहां अस्पतालों में न तो डॉक्टर हैं और न ही नर्स। देश का हर पांचवां टीबी से संक्रमित मरीज उत्तर प्रदेश से है। वर्ष 2019 में देश में चिह्नित मरीजों की संख्या 24 लाख 1 हजार 589 थी, जबकि यूपी में 4 लाख 87 हजार 653 मरीज मिले थे।