राजधानी में अवैध निर्माणों पर सख्ती के लिए प्रवर्तन के कामों के लिए जोनल अधिकारी की व्यवस्था एलडीए में लागू कर दी गई है।
वीसी अक्षय त्रिपाठी ने बड़ा बदलाव करते हुए अधिशासी अभियंता और विहित प्राधिकारी के अधिकारों को पूरा करने के लिए संयुक्त रूप से जोनल अधिकारी के लिए नामित कर दिया है।
जोनल अधिकारी के काम इंजीनियरिंग और प्रशासनिक सेवा दोनों के अधिकारियों को दिए गए हैं। वीसी के आदेश के मुताबिक, सभी सात प्रवर्तन जोन में जोनल अधिकारी की तैनाती कर दी गई है।
प्रवर्तन जोन-1 में ओएसडी अमित राठौर, प्रवर्तन जोन-2 में ओएसडी डीके सिंह, प्रवर्तन जोन-3 में अधिशासी अभियंता दिवाकर त्रिपाठी, प्रवर्तन जोन-4 में नजूल अधिकारी आनंद कुमार सिंह, प्रवर्तन जोन-5 में ओएसडी रामशंकर, प्रवर्तन जोन-6 में अधिशासी अभियंता कमलजीत सिंह, प्रवर्तन जोन-7 में अधिशासी अभियंता जहीरुद्दीन को जोनल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
जोनल अधिकारी का काम अवैध निर्माणों को चिह्नित कर उनकी सुनवाई कर जरूरी आदेश करना होगा। वहीं, इस आदेश पर अनुपालन भी जोनल अधिकारी ही सुनिश्चित कराएंगे।
प्रवर्तन जोन में तैनात सहायक अभियंता और अवर अभियंता अब जोनल अधिकारी के नियंत्रण में कार्य करेंगे।
दो अधिशासी अभियंता से हटा काम
वीसी के नए आदेश के बाद अब दो अधिशासी अभियंता प्रवर्तन के कामों से हटे हैं। अधिशासी अभियंता केके बंसला अब केवल जोन-4 और जोन-5 के इंजीनियरिंग के काम ही देखेंगे। इसी तरह जोन-1 के अधिशासी अभियंता अवनींद्र कुमार सिंह भी इंजीनियरिंग के काम देखेंगे।