त्रिवेणी एक्सप्रेस में हुई थी टीटीई-दरोगा में नोकझोंकपांच दिन पहले की घटना, कोई केस दर्ज नहीं हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
रायबरेली। लखनऊ से रायबरेली की ओर दौड़ रही त्रिवेणी एक्सप्रेस में टिकट चेकिंग कर रहे टीटीई से एक दरोगा के साथ हुए विवाद के मामले में कोई केस दर्ज नहीं हुआ है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मंडल कार्यालय के अफसरों ने पूछताछ की और भविष्य में होने वाले ऐसे मामलों में लिखापढ़ी करने को कहा है। पीड़ित टीटीई का कहना है कि घटना लखनऊ में चारबाग स्टेशन के तुरंत बाद घटी, लेकिन दरोगा थोड़ा दूर सदर में उतर कर चला गया। इससे कोई लिखापढ़ी नहीं कराई गई।
चलती ट्रेन के एसी कोच में टिकट चेकिंग कर रहे टीटीई की दरोगा से नोकझोंक का एक वीडिया वायरल हुआ। इसमें धमकी भरे अंदाज में बातचीत सुनाई दी। वायरल वीडियो बीते शुक्रवार का बताया गया, जो त्रिवेणी एक्सप्रेस का रहा। त्रिवेणी एक्सप्रेस लखनऊ से रवाना हुई तो एसी कोच में रायबरेली स्टेशन के टीटीई रवि शंकर ने चेकिंग शुरू की। दरोगा से टिकट के बारे में पूछा तो विवाद हो गया। टीटीई के मुताबिक दरोगा बिना टिकट एसी कोच में सफर कर रहा था।
घटना के बाद कोई केस नहीं दर्ज कराया गया, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया। इस पर मंडल कार्यालय से पूछताछ शुरू हुई। टीटीई का कहना है कि घटना चारबाग स्टेशन के पास घटी। कंट्रोल मैसेज दिया था। यात्रियों ने कहासुनी करने वाले दरोगा का विरोध शुरू कर दिया, जिससे मौका पाकर दरोगा सदर में उतर गया। मंडलीय कार्यालय से पूछताछ के लिए फोन आया था। भविष्य में होने वाली ऐसी घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा है।
टीटीई के मुताबिक घटना के बाद आरपीएफ से भी फोन आया था। सुरक्षा देने की बात कही थी, लेकिन दरोगा के ट्रेन से उतर जाने के कारण मना कर दिया। मामला उसी समय खत्म हो गया था, जिससे कोई लिखापढ़ी नहीं की। मुख्य टिकट निरीक्षक अजय सिंह का कहना है कि घटना के संबंध में मंडलीय कार्यालय से पूछताछ की गई थी, लेकिन टीटीई की ओर से कोई शिकायत न मिलने के कारण कोई लिखापढ़ी नहीं कराई गई है।