राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी का नक्शा बदलने की तैयारी हो रही है। इस बदलावा के बाद उनके संसदीय क्षेत्र का नक्शा थोड़ा और बदल जाएगा। सुल्तानपुर जिले की सदर तहसील से 29 गांव जल्द निकाले जाएंगे। अमेठी लोकसभा क्षेत्र में आने वाले ये गांव अब अमेठी जनपद में ही जोड़े जाएंगे।
अमेठी व सुल्तानपुर जिले के प्रस्ताव व शासन के निर्देश के बाद राजस्व परिषद ने इसकी कवायद शुरू कर दी है। इसी माह राजस्व परिषद में प्रकरण को लेकर बैठक होने जा रही है। माना जा रहा है कि अप्रैल माह तक निर्वाचन व राजस्व के मामले में दो जिलों में पड़ने वाले गांवों की अव्यवस्था दूर हो जाएगी।
निर्वाचन क्षेत्र के हिसाब से अमेठी लोकसभा व राजस्व क्षेत्र में जिले में पड़ने वाले सदर तहसील के हलियापुर क्षेत्र के 29 गांवों की समस्या जल्द दूर होने के आसार हैं। दोनों जिलों के जिलाधिकारियों के प्रस्ताव व समस्या को देखते हुए शासन ने 29 गांवों को अमेठी जनपद में शामिल करने पर विचार शुरू कर दिया है।
शासन के निर्देश पर राजस्व परिषद इसी माह प्रकरण पर विचार करने के लिए दोनों जिलों के जिलाधिकारियों की बैठक बुलाई है। राजस्व परिषद अध्यक्ष के निर्देश पर 27 मार्च को बुलाई गई बैठक संबंधी पत्र उप भूमि व्यवस्था आयुक्त एसकेएस चौहान ने डीएम को भेजा है। पत्र में डीएम को बैठक में शामिल होने का निर्देश दिया गया है।