देश के हर कोने में हर दिन हजारों की संख्या में अपराध हो रहे हैं। अपराधी सुबूत के अभाव में खुली हवा में सांस लेते हैं और पुलिस कुछ कर नहीं पाती है। इसी का प्रमाण है कि निठारी कांड, मोहनलालगंज रेपकांड, आरुषि कांड और बदायूं कांड जैसी बड़ी घटनाओं का साक्ष्य के अभाव में समय पर खुलासा नहीं हो सका।
जांच पड़ताल में इतना लंबा समय लग गया कि कई जरूरी सुबूत पूरी तरह नष्ट हो गए। इसी का नतीजा है कि ऐसे मामलों में कंविक्शन रेट आठ फीसदी है। ये जानकारी मंगलवार को केजीएमयू के ओरल पैथोलॉजी विभाग की ओर से आयोजित कार्यशाला में एम्स दिल्ली के फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के डॉ. आदर्श कुमार ने दी।
वह सीबीआई और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के लिए विशेषज्ञ के तौर पर काम करते हैं। उन्होंने बताया कि अपराध की जांच में दांतों का बहुत बड़ा रोल होता है।
दांतों की जांच से घटना के राज खुल सकते हैं। देश में जांच टीम में ऑडोंटोलॉजिस्ट के न होने से कई अपराध दब जाते हैं और आरोपी आजाद घूमता है। यूपी के मामले में स्थिति बेहद खराब है।
वो कहते हैं कि पोस्टमार्टम टीम में फॉरेंसिक डेंटिस्ट का भी रोल महत्वपूर्ण होता है। फॉरेंसिक डेंटिस्ट की मौजूदगी से कई बिंदु पूरी तरह स्पष्ट हो जाते हैं और पुलिस इस आधार पर जांच को गति दे सकती है।