लखनऊ। श्री जय नारायण मिश्रा (केकेसी) इंटर कॉलेज में अब छात्र-छात्राएं एक साथ पढ़ सकेंगे। इसके लिए यहां कक्षा छह से 12 तक में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। ऐसा पहली बार है कि विद्यालय को सह शिक्षा के लिए अनुमति दी गई है। गत सत्र तक विद्यालय में सिर्फ छात्रों का ही प्रवेश लिया जाता था।
जेएनएमसी प्रबंधन के इकाई मंत्री जीसी शुक्ला ने बताया कि विद्यालय में सह शिक्षा को शुरू किए जाने को लेकर लंबे समय से कोशिशें चल रही थी। इस सत्र से प्रशासन से इसकी अनुमति मिल गई है। वर्तमान समय छात्र-छात्राओं को साथ लेकर चलने का है अब लड़के और लड़कियों में कोई भेद नहीं है, वह साथ मिलकर पढ़ेंगे। 11वीं और 12वीं में विद्यार्थियों के लिए कला एवं वाणिज्य वर्ग की सुविधा है। छात्र-छात्राएं कार्यदिवस में सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच आवेदन फॉर्म ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य अभय कुमार पांडेय से संपर्क किया जा सकता है।