केजीबीवी से दो छात्राओं के जाने के मामले में वार्डन को नोटिस
लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी के हसनपुर खेवली स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (केजीबीवी) में चोरी छिपे दो छात्राओं के जाने के मामले में बीएसए ने वार्डन वंदना अवस्थी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। साथ ही विद्यालय में छात्राओं की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे भी बढ़ाने की तैयारी है।
बता दें कि रविवार सुबह कक्षा सात की दो छात्राएं केजीबीवी की पीछे की दीवार फांदकर चली गई थी। गिनती में दो छात्राएं कम निकली थीं। घटना की सूचना वार्डन ने विभाग को सभी समय पर नहीं दी। हालांकि, जब छात्राएं नहीं मिली तो मामले की जानकारी सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दी गई। पुलिस ने छात्राओं को तलाश लिया था।
जिला समन्वयक की ये है जिम्मेदारी
इस मामले में जिला समन्वयक बालिका ने भी लापरवाही बरती। सभी स्कूलों में सीसी टीवी कैमरे से निगरानी होती है। इसकी ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी जिला समन्वयक की है। बताया जा रहा है कि जिला समन्वयक ने इस पर चुप्पी साध रखी है।
विद्यालय का निरीक्षण कर परखी जाएगी सुरक्षा व्यवस्था
बीएसए राम प्रवेश ने बताया कि सभी केजीबीवी का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था परखी जाएगी। अगर और कैमरे लगाने की जरूरत पड़ी तो संख्या बढ़ाई जाएगी। बीएसए ने बताया कि वार्डन से जवाब मांगा गया है जो भी दोषी होगा कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि सभी केजीबीवी की ऑनलाइन निगरानी करने की व्यवस्था है। इसका एक्सेस बीएसए के पास होता है।