कोरोना वायरस को लेकर एक तरफ जहां सभी सहमे हुए हैं, वहीं बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय ने ऐसा तरीका खोज लिया है जिससे उनके छात्रों की पढ़ाई का नुकसान न हो। विवि अपने विद्यार्थियों को उनके वाट्सएप ग्रुप, ई-मेल के माध्यम से नोट्स शेयर करेगा। साथ ही वेबसाइट के माध्यम से भी उन्हें ई-कंटेंट उपलब्ध कराएगा।
विवि में भी यूजीसी व शासन से मिले निर्देश के क्रम में 22 मार्च तक शिक्षण कार्य स्थगित किया गया है। मगर इस दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई न प्रभावित हो इसे देखते हुए यह तरीका निकाला है।
विवि में मिड सेमेस्टर टेस्ट व इंटरनल एसेसमेंट की प्रक्रिया भी इसी महीने से प्रस्तावित थी, जिसे 31 मार्च तक स्थगित किया गया है। मगर शिक्षकों से कहा गया है कि वे विद्यार्थियों के वाट्सअप ग्रुप, ई-मेल के माध्यम से नोट्स साझा करेंगे।
वहीं विभागों-संस्थानों से कहा गया है कि वे विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर भी ई-रिसोर्स, ई-कंटेंट उपलब्ध कराएं ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। विवि के विभिन्न विभागों में पीजी, पीएचडी, एमफिल विद्यार्थियों के सेमेस्टर वाइज व हॉस्टल के विद्यार्थियों का अपना-अपना वाट्सअप ग्रुप व उनकी ई-मेल आईडी है।
इसके माध्यम से सूचनाएं साझा की जाती हैं। अब इनका प्रयोग नोट्स साझा करने के लिए भी किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रवक्ता डॉ. रचना गंगवार ने कहा है कि न सिर्फ इस पर नोट्स साझा किए जाएंगे बल्कि विद्यार्थी अपने सवाल भी पूछ सकेंगे, जिसका शिक्षक समाधान बताएंगे।