लखनऊ। आपूर्ति विभाग और गैस कंपनियां भले ही पर्याप्त सप्लाई का दावा करें, लेकिन धरातल पर एलपीजी की कालाबाजारी जोरों पर है। उपभोक्ताओं के पास बिना सिलिंडर पहुंचे ही ''सफल डिलीवरी'' का मेसेज आ रहा है। इस फर्जीवाड़े का सबसे घातक पहलू यह है कि सिस्टम में डिलीवरी दर्ज होने के कारण उपभोक्ता समयसीमा की बाध्यता में फंस गए हैं और अगली बुकिंग नहीं करा पा रहे हैं।
गैस कंपनियों के नियमों के मुताबिक, एक बार डिलीवरी के बाद शहरी क्षेत्र में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिन तक दूसरी बुकिंग नहीं की जा सकती। कालाबाजारी करने वाले इसी नियम का फायदा उठा रहे हैं। इससे सॉफ्टवेयर की नजर में उपभोक्ता को गैस मिल चुकी होती है, इसलिए वह अगले 25 या 45 दिन तक नई बुकिंग के लिए अयोग्य हो जाता है।
सूत्रों के अनुसार, एजेंसियों की इस धांधली में विभागीय साठगांठ भी शामिल है। जिम्मेदार अफसर महीने में इक्का-दुक्का औपचारिक निरीक्षण कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेते हैं। इसी ढिलाई का नतीजा है कि आम आदमी एक अदद सिलिंडर के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है, जबकि कागजों पर आपूर्ति का कोटा पूरा दिखाया जा रहा है।
एक महीने से चूल्हा ठंडा, अब मई तक का इंतजार
अमन विहार कॉलोनी के गली नंबर 11 की निवासी रूबी श्रीवास्तव के साथ ऐसी ही धोखाधड़ी हुई है। उन्होंने 3 मार्च को मोहान रोड स्थित पुरैना भारत गैस एजेंसी से बुकिंग कराई थी। सिलिंडर तो नहीं मिला, लेकिन 19 मार्च को मोबाइल पर ''सफल डिलीवरी'' का मेसेज आ गया। अब उन्हें नई बुकिंग के लिए 3 मई तक का समय दिया गया है। रूबी बताती हैं कि एक महीने से जैसे-तैसे खाना बन रहा है, अब एजेंसी कह रही है कि मई तक इंतजार करो। न गैस मिली और न सिस्टम दोबारा बुक करने दे रहा है।
हफ्तों बाद भी नहीं मिल रहा सिलिंडर
गोमतीनगर के वेद प्रकाश द्विवेदी ने बताया कि बाबा विश्वनाथ एजेंसी से 29 मार्च को बुकिंग कराई थी। अब तक न तो गैस मिली है और न ही कोई मेसेज आया है। इसी तरह विजय विहार इंदिरानगर के रामनयन वर्मा ने बताया कि 23 मार्च को मेजर मेहरा भारत गैस सर्विस से बुकिंग कराई थी लेकिन अभी तक डिलीवरी नहीं हुई है। राजाजीपुरम एफ ब्लॉक के नित्यानंद पांडेय ने बताया कि राजाजीपुरम इंडेन गैस एजेंसी से 28 मार्च को बुकिंग कराई थी लेकिन अभी तक सिलिंडर नहीं मिला है। चौक की सोनम ने बताया कि इंडेन की चौक गैस सर्विस से 28 मार्च को बुकिंग कराई थी लेकिन अभी तक सिलिंडर नहीं मिला है। राजाजीपुरम के एके गर्ग ने बताया कि 1 अप्रैल को कमांडर गैस एजेंसी से बुकिंग कराई थी लेकिन अभी तक सिलिंडर नहीं मिला है। कृष्णानगर के एक उपभोक्ता ने बताया कि 25 मार्च को बुकिंग कराई थी लेकिन अभी तक कोई नंबर नहीं आया और न ही सिलिंडर मिला।
गैस संकट।
गैस संकट।
गैस संकट।
गैस संकट।
गैस संकट।
गैस संकट।