नोएडा एयरपोर्ट यूपी के विकास का प्रतीक बनेगा। इसका निर्माण पूर्ण गुणवत्ता और सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा किया जाना चाहिए। यात्री सुविधाओं के अलावा अंतरराष्ट्रीय मानकों पर निर्माण और सुरक्षा बंदोबस्त सुनिश्चित किए जाएं। एयरपोर्ट का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। ऐसे में शीघ्रता से यहां अधूरे काम पूरे कराए जाएं। शनिवार को एयरपोर्ट का निरीक्षण करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को ये निर्देश दिए।
हिंडन एयरपोर्ट पर राजकीय विमान से आए मुख्यमंत्री ने नोएडा एयरपोर्ट का हैलीकॉप्टर पर सवार होकर जायजा लिया। उन्होंने हवाई पट्टी के अलावा टर्मिनल बिल्डिंग, एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। एयरपोर्ट परिसर में आने के बाद मुख्यमंत्री ने डोमेस्टिक टर्मिनल, सुरक्षा प्रबंधन, ट्रैफिक प्रबंधन, पैसेंजर लाउंज, बोर्डिंग व डी-बोर्डिंग गेट पर हुए कामों को देखा। मुख्यमंत्री ने हवाई अड्डे से सड़क संपर्क, माल परिवहन संपर्क, अग्निशमन केंद्र, जल शोधन संयंत्र, जलभराव निस्तारण एवं वाहन पार्किंग की व्यवस्थाओं पर सीईओ राकेश कुमार सिंह और नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया से जानकारी ली।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट के बोर्ड रूम में नोएडा, ग्रेनो व यमुना प्राधिकरण, जिला प्रशासन, पुलिस, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड और एयरपोर्ट निर्माण एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति, आगामी कार्ययोजना और उद्घाटन समारोह की तैयारियों पर प्रस्तुतिकरण भी देखा।
नवंबर के पहले सप्ताह में पूरा होगा काम
मुख्यमंत्री ने निर्माण कंपनी यापल के अधिकारियों से पूछा कि पूरी तरह एयरपोर्ट पर काम कब पूरा हो जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि काम अपनी तय समयसीमा 30 अक्तूबर तक पूरा होना है। इसे पूरी तरह तैयार करने में एक सप्ताह का अतिरिक्त समय और लग सकता है। वहीं, सीएम ने कहा कि एयरपोर्ट के आसपास काफी झाड़ियां उगी हुई हैं। एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले इसे साफ कराएं। एयरपोर्ट तक आने वाली सभी सड़कें भी दुरुस्त होनी चाहिए। एयरपोर्ट से जुड़ी सड़क और मेट्रो लिंक परियोजनाओं को समय पर पूरा कराएं। बैठक में प्रभारी मंत्री ब्रजेश सिंह, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा भी मौजूद रहे।