पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) में कोरोनो का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। पहले जीआरपी, फिर एंटी करप्शन और अब पीएचक्यू में कोरोना की आमद से खौफ का माहौल है। मुख्यालय में तैनात दो आईपीएस और एक पीपीएस अधिकारी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसे देखते हुए मुख्यालय की विभिन्न शाखाओं में आधे स्टाफ को ही ऑफिस आने को कहा गया है।
पुलिस मुख्यालय के 7वें और 8वें तल पर अब तक 6 पुलिस कर्मी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। एंटी करप्शन मुख्यालय में भी दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, जिसमें से एक की मौत हो गई थी। जीआरपी में भी एडीजी रेलवे के पूर्व स्टाफ ऑफिसर का ड्राइवर कोरोना पॉजिटिव मिला था। इसके बाद दो दिन के लिए उसे बंद कर दिया गया था।
पूरे प्रदेश की बात करें तो अब तक चार आईपीएस अधिकारी कोरोना संक्रमित हुए हैं। इनमें प्रयागराज के पूर्व एसएसपी भी हैं, जिन्हें कोरोना रिपोर्ट आने के बाद प्रतीक्षारत कर दिया गया था। इसके अलावा वाराणसी में तैनात एक आईपीएस अधिकारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिन्हें हॉस्पिटल में एडमिट करा दिया गया है। लखनऊ में जिन दो आईपीएस की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है उसमें से एक आईजी रैंक और दूसरे एसपी रैंक के हैं।